मां दुर्गा की प्रतिमा से आभूषण और वस्त्र उतारने के खिलाफ बाजार बंद

भास्कर न्यूज | चाईबासा/गुआ गुआ थाना क्षेत्र के नुईया गांव के समीप स्थित वन देवी मंदिर में शनिवार की रात मां दुर्गा की प्रतिमा का वस्त्र व आभूषणों को उतार कर असामाजिक तत्वों द्वारा फेंक दिए जाने की घटना के खिलाफ सोमवार को गुआ बाजार पूरी तरह बंद रहा। इस घटना ने पूरे इलाके में धार्मिक और सामाजिक असंतोष भड़का दिया है। हिंदू संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने गुआ बाजार में पूर्ण बंदी का आह्वान किया, जिसका व्यापक असर देखने को मिला। सभी दुकानों, प्रतिष्ठानों और व्यवसायिक गतिविधियों पर ताले लटके रहे। सुबह से ही संगठन के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए और लोगों से शांतिपूर्ण बंद का समर्थन करने की अपील की। इस विरोध प्रदर्शन में जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी, स्थानीय नेता और सामाजिक कार्यकर्ता भी सक्रिय रूप से भाग लेते दिखे। उन्होंने लोगों से बात कर कहा कि यह घटना केवल एक मूर्ति से छेड़छाड़ की नहीं, हमारी आस्था को चुनौती देने की कोशिश है। दोषियों की जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए, अन्यथा आंदोलन और तेज होगा। मालूम हो कि रविवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा स्वयं गुआ पहुंचे थे और गुआ थाना प्रभारी नीतीश कुमार से मुलाकात कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की थी। गुआ थाना में लिखित शिकायत दर्ज की जा चुकी है और पुलिस द्वारा जांच शुरू कर दी गई है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे लोगों में नाराजगी और असंतोष व्याप्त है। गौरतलब है कि दो वर्ष पूर्व भी इसी वन देवी मंदिर में मां दुर्गा मंदिर में समाज विरोधी घटना घटी थी, लेकिन तब भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी। इस बार जनता और संगठनों की ओर से सख्त रुख अपनाया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *