मुख्य स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में जिला कार्यक्रम अधिकारी विजय पांडे द्वारा दायर आपराधिक मानहानि केस में एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट ने कांग्रेस के तीन नेताओं को नोटिस जारी किया है। जिन नेताओं को नोटिस मिला है, उनमें नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, कांग्रेस विधायक अजय सिंह राहुल और पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया शामिल हैं। कोर्ट ने तीनों को 16 जनवरी की अगली सुनवाई में जवाब पेश करने के निर्देश दिए हैं। अफसर पर जो भी आरोप लगाए, जांच में गलत मिले 5 अगस्त 2025 को विधानसभा सत्र में कांग्रेस नेताओं ने जिला कार्यक्रम अधिकारी विजय पांडे पर आरोप लगाए थे। कहा था कि पांडे ने फर्जी मार्कशीट और फर्जी जाति प्रमाणपत्र के आधार पर नौकरी ली है। आरोपों के बाद सरकार ने पांडे को तत्काल प्रभाव से हटा दिया और विभागीय जांच कराई। जांच रिपोर्ट में आरोप तथ्यहीन पाए गए। जांच में क्लीनचिट मिलने के बाद पांडे ने इसे प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाला कदम बताते हुए आपराधिक मानहानि केस दर्ज कराया।


