आपात स्थिति में बचे जान, इसलिए स्वास्थ्य कर्मियों को दिया जा रहा सीपीआर व फर्स्ट ऐड का प्रशिक्षण

भास्कर संवाददाता | हनुमानगढ़ चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से गुरुवार को टाउन स्थित एमजीएम जिला चिकित्सालय एवं उपजिला अस्पताल नोहर में विशेष चिकित्सा प्रशिक्षण से वंचित रहे चिकित्सकों एवं नर्सिंगकर्मियों को बुनियादी चिकित्सा कौशल, कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर), फर्स्ट ऐड आदि का प्रशिक्षण दिया गया। इससे पूर्व 10 जनवरी को भी विशेष चिकित्सा प्रशिक्षण का आयोजन जंक्शन स्थित मेडिकल कॉलेज में आयोजित किया गया था। डिप्टी सीएमएचओ डॉ. अखिलेश कुमार शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद चिकित्सक एवं नर्सिंगकर्मी अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित शिक्षण संस्थाओं में जाकर वहां अध्ययनरत बच्चों को प्राथमिक स्वास्थ्य शिक्षा की जानकारी देंगे ताकि आपात स्थिति या हादसों में बच्चों द्वारा आमजन की जान बचाई जा सके। प्रशिक्षण में डॉ. भजनलाल, डॉ. संदीप छीम्पा, डॉ. सुरेश कुमार सहित अन्य चिकित्सकों ने जानकारी दी। दोनों प्रशिक्षण सत्रों में 90 चिकित्सकों एवं नर्सिंगकर्मियों ने चिकित्सा प्रशिक्षण लिया। प्रशिक्षण में मौजूद सभी चिकित्सकों को सीपीआर, बाढ़, शीतलहर से प्रभावित, हीटवेव से प्रभावित, पानी में डूबे व्यक्ति का उपचार, इलैक्ट्रिक शॉक के दौरान दिए जाने वाले उपचार, भूकम्प, सर्पदंश, हृदय रोग से बचाव की जानकारी देकर जागरुक किया। साथ ही बाढ़ व आगजनी से बचाव, घायलों का प्राथमिक उपचार, घायल व्यक्ति की ब्लीडिंग रोकना, चोटों को स्टेबलाइज करना और पीड़ित की जान बचाने के लिए सीपीआर देने समेत अन्य का डेमो भी दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *