आप सरकार की मेहनत से पंजाब शिक्षा में देश में पहले स्थान पर: अरविंद केजरीवाल

भास्कर न्यूज|लुधियाना आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 2027 में पंजाब और गुजरात में आम आदमी पार्टी की सरकार बनना तय है। स्कूलों की दीवारें और डेस्क से शुरू हुई शिक्षा क्रांति के जरिए पंजाब को शिक्षा के क्षेत्र में पहला स्थान दिलाया गया है। सीएम भगवंत मान ने कहा कि विक्रम मजीठिया जैसे ड्रग माफियाओं की अब कोई चाल नहीं चलेगी, उनका ठिकाना सिर्फ जेल होगा। जिन्होंने पंजाब को लूटा है, उन्हें जवाब देना पड़ेगा। कांग्रेस और अकाली दल की सियासत खत्म हो चुकी है। नशे के खिलाफ जंग में किसी को बख्शा नहीं जाएगा। कानूनी प्रक्रिया में देरी हो सकती है, लेकिन इंसाफ जरूर मिलेगा। लुधियाना उपचुनाव में बड़ी जीत के बाद आम आदमी पार्टी ने धन्यवाद सभा का आयोजन कर लोगों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जनता को संबोधित किया। केजरीवाल ने कहा कि गुजरात में जीत के बाद भाजपा इतनी बौखला गई कि हमारे एक विधायक को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने भाजपा को चुनौती दी कि वे जितना चाहे डराने की कोशिश कर लें, आम आदमी पार्टी झुकने वाली नहीं है। केजरीवाल ने कांग्रेस और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इनके पास अब जनहित का कोई मुद्दा नहीं बचा। हम शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और नशा मुक्ति की बात कर रहे थे, जबकि ये केवल अफवाहें फैला रहे थे कि केजरीवाल राज्यसभा जा रहे हैं। नतीजे के बाद मैंने साफ कर दिया कि राज्यसभा नहीं जाऊंगा। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों मिलकर आम आदमी पार्टी का विरोध कर रहे हैं। केजरीवाल ने पिछली सरकारों पर पंजाब में नशा फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब 2017 में सर्वे हुआ तो पंजाब शिक्षा में देश में 29वें स्थान पर था, लेकिन अब आम आदमी पार्टी की मेहनत से पहला स्थान हासिल हुआ है। उन्होंने बताया कि जब स्कूलों में दीवारों या टॉयलेट्स का उद्घाटन किया गया तो कांग्रेस और भाजपा ने मजाक उड़ाया, लेकिन अब जनता उनसे पूछ रही है कि 75 साल में उन्होंने क्या किया। केजरीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान जल्द बेअदबी के खिलाफ सख्त कानून लाने वाले हैं, लेकिन विपक्षी दलों को इस पर भी आपत्ति है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि क्या वे इस कानून का समर्थन करेंगे या भाजपा से पूछकर जवाब देंगे? सीएम भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार पंजाब के लोगों के हित में फैसले ले रही है। उन्होंने कांग्रेस और अकाली दल पर हमला करते हुए कहा कि ये पार्टियां अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही हैं। हालत यह है कि इन्हें 11 या 21 सदस्यीय कमेटी बनाने के लिए भी लोग नहीं मिल रहे। इन दलों ने पंजाब के लोगों के साथ अन्याय किया, धर्म के नाम पर लड़ाया और राज्य के संसाधनों को लूटा। अब जनता उन्हें सबक सिखा रही है। धन्यवाद सभा में मंच पर मौजूद अरविंद केजरीवाल , मुख्यमंत्री भगवंत मान , मनीश सिसोदिया, विधायक संजीव अरोड़ा व अन्य। मुख्यमंत्री मान ने अकाली नेता बिक्रम मजीठिया पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने जलियांवाला बाग के कातिलों को संरक्षण दिया, वे आज नाभा जेल में हैं और उनका समर्थन करने वाले भी नहीं बचेंगे। कानूनी प्रक्रिया में देरी हो सकती है, लेकिन न्याय अवश्य होगा। सीएम ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि वे केवल बयानबाजी करते हैं। पंजाब सरकार ने बिना सिफारिश के 55,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी। 90 प्रतिशत घरों के जीरो बिजली के बिल आ रहे हैं। वहीं, सीएम मान ने केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत बिट्टू और चरणजीत चन्नी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ये वही लोग हैं, जो मजीठिया की गिरफ्तारी को गलत बताकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे थे, अब माफी मांग रहे हैं। पंजाब की जनता समझदार है अब इनके जाल में फंसने वाली नहीं। इनकी राजनीति सिर्फ झूठ की बुनियाद पर टिकी है। 10 और 11 जुलाई को विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें विपक्ष के झूठ का पर्दाफाश करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *