अमृतसर | भारतीय जनता पार्टी के जिला महासचिव एवं विधानसभा संयोजक शिव कुमार सोनी ने भगवंत मान सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है। सोनी ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार के लगभग चार साल बीत जाने के बाद भी पंजाब की महिलाओं को हर महीने 1000 रुपए देने का वादा अधूरा है। उन्होंने कहा कि पंजाब की महिलाएं 2027 के चुनावों में इस झूठ का करारा जवाब देंगी और राज्य में भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार चुनेंगी। सोनी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की प्रशंसा करते हुए कहा कि वहां भाजपा ने सरकार बनते ही महिलाओं से किया वादा निभाया। ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ के तहत तीसरी किस्त के रूप में 181 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं, जिससे 8.63 लाख से अधिक महिलाओं को 2100 रुपये प्रति माह का लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार अब तक तीन किस्तों में 441 करोड़ रुपए सीधे लाभार्थियों के खातों में भेज चुकी है। सोनी ने कहा कि हरियाणा की ‘भावांतर भरपाई योजना’ किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है।


