अमृतसर| आम आदमी पार्टी के शहरी जिला अध्यक्ष एवं पनसप (पंजाब) के चेयरमैन प्रभबीर सिंह बराड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में आप सरकार द्वारा शहर में तीन महत्वपूर्ण पुलों का निर्माण किया जा रहा है। ये पुल न्यू अमृतसर, सुल्तानविंड चौक और तरनतारन फ्लाईओवर पर बनाए जा रहे हैं, जिससे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा। उन्होंने बताया कि न्यू अमृतसर पुल के बनने से अमृतसर-जालंधर रोड पर लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम से लोगों को राहत मिलेगी। सुल्तानविंड पुल से हर रविवार शहीदां साहिब जाने वाली संगत को बड़ी सुविधा मिलेगी। वहीं तरनतारन फ्लाईओवर ब्रिज पर चौथी लेग के शुरू होने के बाद जालंधर से आने वाले वाहनों को शहर के अंदर से गुजरने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वे सीधे बाहरी मार्ग से झब्बाल जा सकेंगे।


