अमृतसर| भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने अमृतसर के टीबी अस्पताल की बदहाल स्थिति पर आम आदमी पार्टी की सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। चुघ ने कहा कि जहां एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान चला रही है, वहीं पंजाब की भगवंत मान सरकार लोगों को बुनियादी इलाज और दवाएं तक नहीं दे पा रही। चुग ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि अमृतसर जैसे शहर में टीबी अस्पताल में मरीजों को दवा नहीं, दर्द मिल रहा है और प्रशासन मौन है। यह आम आदमी पार्टी के खोखले स्वास्थ्य मॉडल की असलियत है। उन्होंने एक मरीज के बेटे की कहानी साझा करते हुए कहा कि एक बेटा अपनी मां के इलाज के लिए दर-दर भटक रहा है, जबकि उसके पिता की पहले ही टीबी से मृत्यु हो चुकी है। यह पंजाब के स्वास्थ्य तंत्र की नाकामी का प्रतीक है।


