आबूसर के ‘हाट’ में सजा शिल्प का संसार:हस्तशिल्प के साथ लोक संस्कृति और पारंपरिक खेलों का संगम, शेखावाटी हस्तशिल्प एवं पर्यटन मेले का आगाज, 2 से 11 जनवरी तक चलेगा

शहर के आबूसर स्थित ग्रामीण हाट में शुक्रवार से ‘शेखावाटी हस्तशिल्प एवं पर्यटन मेले’ का आगाज हुआ। जिला कलेक्टर अरूण गर्ग ने दीप प्रज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया। उद्घाटन के साथ ही पूरा परिसर राजस्थानी संस्कृति के रंगों में सराबोर नजर आया। मेले का अवलोकन करते हुए कलेक्टर गर्ग ने कहा कि इस आयोजन का मूल ध्येय ‘लोकल फॉर वोकल’ को चरितार्थ करना है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपे हुनर को अक्सर बड़ा बाजार नहीं मिल पाता, यह मेला उन कारीगरों और उद्यमियों के लिए एक सेतु का काम करेगा। इससे न केवल उनकी आर्थिक स्थिति सुधरेगी, बल्कि पारंपरिक लुप्त होती कलाओं को भी नया जीवन मिलेगा। आभूषणों से लेकर कपड़ों तक की रेंज जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के महाप्रबंधक अभिषेक चौबदार व पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक देवेंद्र चौधरी ने बताया कि मेले में शेखावाटी के अलावा अन्य जिलों के शिल्पकार भी यहां आए हैं। पहले ही दिन स्टॉल्स पर पारंपरिक आभूषण, हस्तशिल्प की कलाकृतियां और राजस्थानी परिधानों की जमकर खरीदारी हुई। महिलाओं में विशेषकर हस्तशिल्प के घरेलू सामान को लेकर खासा उत्साह देखा गया। विरासत से रूबरू कराएंगी सांस्कृतिक शामें पर्यटन विभाग की ओर से मेले में आने वाले सैलानियों के लिए मनोरंजन के विशेष इंतजाम किए गए हैं। नई पीढ़ी को जड़ों से जोड़ने के लिए सितोलिया और रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। 9 और 10 जनवरी की शाम लोक कलाकारों के नाम रहेगी। इन दो दिनों में लोकगीत, चंग-धमाल और नृत्यों के जरिए शेखावाटी की विरासत को पेश किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *