बूंदी में जिला प्रशासन और परिवहन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का विधिवत शुभारंभ किया गया। इसका उद्देश्य यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता फैलाना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। इस अवसर पर आयोजित समारोह में अतिरिक्त जिला कलेक्टर रामकिशोर मीणा ने मुख्य अतिथि के रूप में सड़क सुरक्षा प्रदर्शनी का अनावरण किया। विशिष्ट अतिथियों में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि वर्मा, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मुकेश गुप्ता और शिक्षा विभाग के सहायक निदेशक धनराज मीणा शामिल रहे। सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति करेंगे जागरूक
प्रदर्शनी में चित्रों, चार्ट्स और प्रोजेक्टर के माध्यम से यातायात नियमों, हेलमेट की महत्ता और सीट बेल्ट के उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदर्शित की गई है। जिला परिवहन अधिकारी सौम्या शर्मा ने बताया कि यह प्रदर्शनी आम जनता के लिए पूरे माह खुली रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने जन जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक करेगा। एडीएम रामकिशोर मीणा ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि एक सामूहिक सामाजिक उत्तरदायित्व है। उन्होंने बताया कि इस अभियान का लक्ष्य तकनीक और जागरूकता के समन्वय से दुर्घटना दर को न्यूनतम करना है।
जनवरी माह के दौरान स्कूलों में विभिन्न प्रतियोगिताएं, निशुल्क नेत्र जांच शिविर, भारी वाहन चालकों के लिए प्रशिक्षण कार्यशालाएं और नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर परिवहन निरीक्षक हंसराज मीणा, धर्मपाल गुर्जर सहित सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य और आम नागरिक उपस्थित थे।


