शहर के मूंगड़ा रोड पर स्थित सब्जी व कृषि मंडी के आगे पार्किंग की सही सुविधा नहीं होने से हर दिन व्यापारियों व आमजन को जाम की समस्या से रूबरू होना पड़ रहा है। नगर परिषद से मूंगड़ा सर्कल को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर संचालित हो रही सब्जी मंडी के आगे सुबह 5 से लेकर 11 बजे तक वाहनों का जमावड़ा लगा रहता है। जिले की सबसे बड़ी फल व सब्जी मंडी होने से अलसुबह आस-पास के जिलों व गुजरात से सब्जी व फलों से भरी पिकअप व ट्रक पहुंचते हैं। इसके साथ ही आस-पास के कस्बों व शहर के व्यापारी व आमजन भी खरीदारी के लिए सुबह मंडी पहुंचते हैं। मंडी व इसके आस-पास वाहनों को खड़ा करने के लिए पार्किंग की सुविधा नहीं होने से चालक मनमर्जी से सड़क के किनारे बेतरतीब खड़े हो जाते हैं। मंडी में सुबह के समय भीड़भाड़ के चलते कई बार माल खाली करने के लिए चालकों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। इससे मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बन जाती है। मुख्य मार्ग पर मंडी परिसर के आस-पास 200 मीटर के दायरे में गत सालों में हुई सड़क दुर्घटनाओं में तीन जने जान गंवा चुके हैं, इसके बावजूद यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए पुख्ता बंदोबस्त नहीं किए जा रहे हैं। इसे लेकर मंडी व्यापारियों ने भी कई बार प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर सुबह के समय यातायातकर्मी की नियुक्ति करने की मांग कर चुके हैं, लेकिन व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है। कोविडकाल के समय मूंगड़ा रोड पर वीर दुर्गादास कृषि उपज मंडी समिति परिसर में नई सब्जी व फल मंडी का निर्माण होने पर इसे शिफ्ट किया गया था। इसे करीब पांच साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन मंडी में अव्यवस्थाओं का बोलबाला है। मंडी में दुकानों का आवंटन नहीं होने से व्यापारी आज भी अस्थाई दुकानें बनाकर कामकाज चला रहे हैं। वहीं सफाई व्यवस्था के अभाव में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। इतना ही नहीं, सबसे बड़ी समस्या पार्किंग की है। मंडी में पर्याप्त जगह नहीं होने से चालक मुख्य मार्गों पर ही लोडिंग वाहनों को खड़ा कर देते हैं। वहीं मंडी में आस-पास के कस्बों, गांवों व शहर में सब्जी व फल का कारोबार करने वाले व्यापारी व आमजन भी खरीदारी के लिए सुबह पहंुचते हैं। मंडी के बाहर बड़े वाहनों को खड़ा देखकर अन्य लोग भी बेतरतीब वाहनों को खड़ा कर खरीदारी के लिए चले जाते हैं। इससे बाहर जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। “मंडी को शिफ्ट करने के बाद गत पांच सालों में अव्यवस्थाओं का आलम है। इससे व्यापारियों सहित आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर पार्किंग की समस्या बड़ी दिक्कत बनी हुई है। मंडी के बाहर चालकों के मनमर्जी से वाहन खड़े करने से जाम लगा रहता है। पूर्व में इसी मार्ग पर तीन-चार घटनाओं में लोग जान गंवा चुके हैं।” – चेतन माली, अध्यक्ष, सब्जी व फल मंडी एसोसिएशन, बालोतरा


