आम्रपाली कोल परियोजना में 300 ट्रकों से हर माह 45 लाख की वसूली

स्थानीय ट्रकों से रोज 500 रुपए और बाहरी ट्रकों से 800 रुपए वसूले जा रहे चतरा जिले के टंडवा स्थित आम्रपाली कोल परियोजना से कोयला उठाने वाले 300 ट्रकों से रोज अवैध वसूली हो रही है। स्थानीय ट्रकों से 500 रुपए तो बाहर के ट्रकों से 800 रुपए की वसूली हो रही है। यानी हर महीने 45 लाख रुपए से ज्यादा की वसूली हो रही है। स्पेशल ब्रांच ने चतरा के डीसी और एसपी को पत्र लिखकर यह जानकारी दी है। उनसे जांच कर कार्रवाई करने को कहा है। स्पेशल ब्रांच ने कहा है कि आम्रपाली कोल परियोजना के गेट नंबर-1 के आगे बिंगलात गांव के पास बैरियर लगाया गया है। यहां से कोयला परियोजना में प्रवेश करने वाले ट्रकों से 500 रुपए वसूले जा रहे हैं। वहीं बाहर से आने वाले ट्रकों से पार्किंग के नाम पर अलग से 300 रुपए लिए जा रहे हैं। इन ट्रक चालकों को आम्रपाली परियोजना टंडवा (चतरा) के नाम पर फर्जी टोकन रसीद भी दिए जा रहे हैं। टोकन पर गाड़ी का नंबर और तारीख अंकित किया जाता है, ताकि कोई पुराना टोकन न दिखा ​दे। इस टोकन पर किसी का हस्ताक्षर नहीं होता है। यह वसूली कमेटी के नाम पर की जा रही है। स्पेशल ब्रांच ने कहा है कि यह राशि विस्थापित ग्रामीणों के नाम पर ली जा रही है। इसका हिस्सा ट्रक एसोसिएशन के अलावा पुलिस प्रशासन ओर अन्य लोगों तक जाता है। पहले टीपीसी उग्रवादियों के पास जाता था पैसा, अब गैंगस्टर तक भी पहुंच रहा अवैध वसूली के मामले में टंडवा थाने में कांड संख्या 22/18 दर्ज हुआ था। इस केस को टेकओवर कर एनआईए ने जांच शुरू की थी। इस मामले में 54 लोगों पर एफआईआर दर्ज हुई थी। इस वसूली में टीपीसी उग्रवादी सहित कई लोग एनआईए के जांच के घेरे में आ गए। टीपीसी उग्रवादियों पर दबाव बढ़ा तो वे प्रत्यक्ष रूप से वसूली से हट गए। लेकिन अवैध वसूली जारी रहे। पहले आम्रपाली कोल परियोजना से अवैध वसूली का पैसा टीपीसी उग्रवादी को जाता था। अब जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर के गिरोह तक भी पहुंच रहा है। ताकि कोयला ढुलाई का काम बिना किसी बाधा के चल सके। रिपोर्ट में वसूली में शामिल गांव व लोगों की भी जानकारी दी, कहा-कार्रवाई करें स्पेशल ब्रांच की रिपोर्ट में कहा गया है कि इस वसूली में टंडवा थाना क्षेत्र के कई गांवों के लोग शामिल हैं। रिपोर्ट में कुमडांग कला, कुमरांग खुर्द, होन्हें, बिंगलात और उड़सू गांव का नाम भी भेजा गया है। इसके अलावा इन गांवों के कुछ लोगों के नाम की भी जानकारी दी गई, जो इस वसूली के खेल में शामिल हैं। करीब 13 हजार एकड़ में फैले आम्रपाली परियोजना में पिछले कई सालों से वसूली का यह खेल चल रहा है। ट्रक ड्राइवर भी बिना कोई विरोध किए इसलिए पैसे दे देते हैं कि उन्हें कोई परेशानी न हो। यह वसूली अवैध है। इसलिए तत्काल कार्रवाई करें। थानेदार ने कहा-कोई अवैध वसूली नहीं हो रही: टंडवा थाना प्रभारी उमेश राम ने कहा कि पूरे इलाके में कहीं भी अवैध वसूली नहीं हो रही है। शिकायत मिलते ही तत्काल एफआईआर दर्ज की जा रही है। किसी भी वाहन मालिक ने अवैध वसूली की शिकायत नहीं की है। अगर कोई शि​कायत आती है तो उन पर केस दर्ज किया जाएगा। बिंगलात गांव के पास इसी झोपड़ी से चलता है अवैध वसूली का खेल परियोजना के गेट नंबर-1 के आगे बिंगलात गांव के पास झोपड़ी से अवैध वसूली का खेल चल रहा है। बैरियर लगा दिया गया है। यहां ट्रकों की लाइन लगी रहती है। परियोजना में प्रवेश से पहले ही पैसे देने होते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *