टोंक| बावड़ी गांव के आयुर्वेद औषधालय में डॉक्टर लगाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने आयुर्वेद मंत्री प्रेम चन्द बैरवा को ज्ञापन भेजा है। रमेश दाधीच ने बताया कि दो वर्ष से आयुर्वेद औषधालय में चिकित्सक के सेवानिवृत्त हो जाने के कारण पद रिक्त है, जिससे ग्रामीणों को आयुर्वेद उपचार के लिए 15 किलोमीटर का चक्कर लगाकर टोडारायसिंह में जाना पड़ता है। ग्रामीणों एवं अध्ययनरत छात्रों को भी दस्तावेजों पर राजपत्रित अधिकारी के हस्ताक्षर कराने के लिए इधर उधर भटकना पड़ता है। ज्ञापन सौंपने वालों में सरपंच गोकुल धाकड़, केदार शर्मा, रामपाल साहू, घनश्याम शर्मा, मुकेश गुप्ता, हरिनारायण शर्मा, कालू यादव, आशीष, शक्ति सिंह, हनुमान उस्ताद, महावीर सैनी, रमेश पारीक आदि मौजूद रहे।


