भास्कर न्यूज | रायगढ़ शासकीय आयुर्वेद औषधालय बुनगा द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में आयुर्वेद चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को आयुर्वेद पद्धति के प्रति जागरूक करना और उन्हें निशुल्क उपचार उपलब्ध कराना है। औषधालय बुनगा के डॉ. अजय नायक ने विभिन्न ग्रामों में शिविर लगाकर ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार किया। शिविरों में मुख्यतः वात रोग, उदर रोग, कास (खांसी), चर्म रोग, उच्च रक्तचाप (बीपी), कमजोरी आदि से पीड़ित मरीजों का उपचार किया गया और आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। फरवरी माह में नावापारा (ब), बोन्दा, रायपाली, बरपाली, शंकरपाली, रनभाठा, पूसल्दा और सेमीभावर में शिविर आयोजित किए गए, जिनमें कुल 430 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। डॉ. जागृति पटेल ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को जीवनशैली जनित रोगों, संतुलित आहार-विहार, योगासन, स्वच्छता और नशामुक्ति के संबंध में पंपलेट के माध्यम से विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया। आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) बुनगा में प्रतिमाह विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे आमजन को नियमित लाभ मिल रहा है। योग प्रशिक्षक दुलामणि रजक द्वारा बुनगा में प्रतिदिन योगाभ्यास कराया जाता है। रोगानुसार योगासन कराए जाते हैं, जो स्वास्थ्य सुधार में सहायक सिद्ध हो रहे हैं। शिविरों के सफल संचालन में फार्मासिस्ट भोज मालाकार, एमपीडब्ल्यू वर्षा ठेठवार और राजेश साव का विशेष सहयोग रहा।


