बाबा ने कीर्तन से अंधविश्वास, छुआछूत व नशे के खिलाफ आवाज उठाई

भास्कर न्यूज ​| जशपुरनगर राष्ट्रसंत गाडगे बाबा की 150वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को जशपुर के ग्राम बरटोली में रजक समाज का जिला स्तरीय वार्षिक सम्मेलन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। सम्मेलन में समाज की एकजुटता, स्वच्छता के प्रति संकल्प और महान समाज सुधारक के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से समाज के सैकड़ों पदाधिकारी, युवा और अन्य शामिल हुए। नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस सम्मेलन की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष बुधराम रजक ने की। वक्ताओं ने संत गाडगे महाराज के जीवन और उनके सामाजिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। समारोह में बताया गया कि उनका मूल नाम डेबूजी झिंगराजी जानोरकर था और उनका जन्म 23 फरवरी 1876 को महाराष्ट्र के शेंडगांव, अमरावती में हुआ था। इसके साथ ही वे महान समाज सुधारक, कीर्तनकार और स्वच्छता आंदोलन के प्रणेता माने जाते हैं। उन्होंने गांव-गांव जाकर स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और कीर्तन के माध्यम से अंधविश्वास, छुआछूत और नशाखोरी जैसी कुरीतियों के खिलाफ जनजागरण किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष घुनेश्वर रजक ने कहा कि संत गाडगे महाराज ने झाड़ू को अपना अस्त्र बनाकर समाज को यह सिखाया कि स्वच्छता ही सच्ची ईश्वर सेवा है, और स्वच्छता सभी को रखनी चाहिए। उन्होंने शिक्षा को स्वावलंबन का आधार बताते हुए सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन पर जोर दिया। समारोह के दौरान समाज के वक्ताओं ने समाज के लोगों से उनके आदर्शों को अपनाने और सामाजिक समरसता बनाए रखने का आह्वान किया। ​इस महत्वपूर्ण अवसर पर उपाध्यक्ष कुलदीप रजक, घुनेश्वर रजक, प्रदीप रजक, शक्ति रजक, गोवर्धन रजक, संदीप रजक, विनोद राम सहित जिले भर से आए रजक समाज के युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान समाज की मूलभूत आवश्यकताओं को लेकर भी चर्चा की गई। घुनेश्वर रजक ने नगर पालिका अध्यक्ष के माध्यम से शासन का ध्यान सामुदायिक भवन में पेयजल और निस्तारी व्यवस्था सुनिश्चित करने की ओर आकर्षित किया। साथ ही बाउंड्री वॉल निर्माण की मांग भी रखी गई। इन मांगों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए अरविंद भगत ने आश्वस्त किया कि आवश्यक व्यवस्थाएं जल्द सुनिश्चित की जाएंगी। सम्मेलन में उपाध्यक्ष कुलदीप रजक, घुनेश्वर रजक, प्रदीप रजक, शक्ति रजक, गोवर्धन रजक, संदीप रजक, विनोद राम सहित जिलेभर से आए समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक संकल्प और समाज की उन्नति के संकल्प के साथ हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *