कृषि क्रांति एक्सपो में उन्नत तकनीकों का सजेगा मेला

भास्कर न्यूज | ​जशपुरनगर जशपुर जिले में खेती-किसानी को आधुनिक तकनीक से जोड़कर किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से कृषि क्रांति अभियान के तहत तीन दिवसीय कृषि क्रांति एक्सपो का आयोजन किया जा रहा है। यह महोत्सव 8 मार्च से 10 मार्च तक आयोजित होगा। इस दौरान उन्नत कृषि तकनीकों, वैज्ञानिक नवाचारों और जिला स्तरीय किसान प्रतियोगिताओं का संगम देखने को मिलेगा। एक्सपो का मुख्य केंद्र कृषि महाविद्यालय कुनकुरी रहेगा, जहां विभिन्न गतिविधियों और प्रदर्शनों का आयोजन किया जाएगा। आयोजन के दौरान कृषि विशेषज्ञों द्वारा कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इन कार्यशालाओं में किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों, उन्नत बीज, नई फसल पद्धतियों और जैविक खेती के मॉडल का जीवंत प्रदर्शन दिखाया जाएगा। किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती करने, उत्पादन लागत कम करने और अधिक लाभ अर्जित करने के उपाय बताए जाएंगे। इसके साथ ही उन्हें आधुनिक विपणन प्रणाली और सीधे बाजार से जुड़ने की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि वे अपनी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त कर सकें। प्रगतिशील किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए जिला स्तरीय किसान प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है। विभिन्न श्रेणियों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले किसानों का चयन कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा एक्सपो के पहले दिन 8 मार्च को की जाएगी। इच्छुक किसान इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए 1 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से उपलब्ध है। किसान वहशीपन के जरिए ऑनलाइन आवेदन भेज सकते हैं, वहीं ऑफलाइन आवेदन अपने विकासखंड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी के कार्यालय में जमा कर सकते हैं। जिसके बाद अंतिम रूप से विजेताओं का चयन किया जाएगा। एक्सपो में कृषि वैज्ञानिकों द्वारा सीधे संवाद और प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। किसानों को नई तकनीकों, आधुनिक उपकरणों और जैविक खेती के नवाचारों की जानकारी दी जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *