अमृतसर के लोगों का आयुर्वेद में विश्वास लगातार बढ़ रहा है। इसी को देखते हुए पंजाब के आयुर्वेदिक विभाग की ओर से कैंप लगाकर मरीजों को चेकअप के बाद फ्री दवाएं दी जा रही हैं। वहीं सरकारी आयुर्वेदिक डिस्पेंसरियों में हर महीने में 20 हजार से ज्यादा मरीज इलाज करवाने पहुंच रहे हैं। मरीजों की सुविधा के लिए विभाग की ओर से अमृतसर के वेरका कस्बे के नजदीकी गांव मक्खनविंडी में बीते रोज आयुर्वेद कैंप लगाया गया। इसका उद्घाटन गांव के सरपंच सुरिंदर सिंह और धन्वंतरि हर्बल के एमडी व पंजाब आयुर्वेदिक मेडिसिन मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन के प्रेजीडेंट डॉक्टर जेपी सिंह ने किया।
कैंप आयुर्वेदिक विभाग के डॉक्टर्स ने 256 मरीजों की जांच कर उन्हें फ्री दवाएं दी। जिला आयुर्वेदिक और यूनानी ऑफिसर डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि आयुर्वेद विभाग लोगों के स्वास्थ्य के प्रति वचनबद्ध है। इसी के तहत समय-समय पर आयुर्वेदिक डिस्पेंसरियों और अस्पतालों में मुफ्त कैंप लगातार लगाता है। इसके अलावा विभाग की ओर से फ्री योग कक्षाएं भी सुबह चलाई जाती हैं। कैंप में डॉ. विशाल शर्मा, लेडी डॉक्टर मनदीप कौर, उप-वैद्य कवलजीत कौर आदि ने सेवाएं दी।


