आयुर्वेद शिविर में नवाचार, औषधीय पौधों की प्रदर्शनी:निशुल्क शल्य चिकित्सा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश

राजस्थान सरकार के आयुर्वेद विभाग और राष्ट्रीय आयुष मिशन के संयुक्त देखरेख में शिवगंज के राजीव गांधी टाउन हॉल में 11 से 20 तारीख तक दस दिवसीय निशुल्क आयुर्वेद अंतरंग क्षार सूत्र शल्य चिकित्सा शिविर आयोजित किया जा रहा है। इस शिविर में अर्श, भगंदर और परिक्रतिका जैसे रोगों के निशुल्क ऑपरेशन किए जा रहे हैं। साथ ही, रोगियों को निशुल्क औषधियां भी प्रदान की जा रही हैं। शिविर की एक प्रमुख विशेषता उपचार के साथ-साथ किया गया नवाचार है। इसके तहत आमजन को आयुर्वेदिक औषधीय पौधों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा रही है। शिविर परिसर में औषधीय पौधों की एक विशेष स्टॉल लगाई गई है, जहां गमलों में लवंग, पारिजात, पत्थरचट्टा, तेजपत्ता और गुड़मार सहित कई औषधीय पौधों का प्रदर्शन किया गया है। आयुर्वेदिक चिकित्सक प्रत्येक पौधे के औषधीय गुणों, उसकी जड़, तना, पत्ती और पुष्प के विभिन्न एवं असाध्य रोगों के उपचार में उपयोग की पूरी जानकारी दे रहे हैं। लोगों को अपने घरों में इन औषधीय पौधों को लगाने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य उन्हें प्राकृतिक इलाज अपनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करना है। औषधीय पौधों के प्रति बढ़ती जागरूकता को देखते हुए कई लोगों ने अपने घरों में ऐसे पौधे लगाने और आवश्यकतानुसार उनका दवा के रूप में उपयोग करने का संकल्प लिया है। आयुष नर्सेज महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष ललित मेघवाल और उनकी टीम ने शिविर का दौरा किया। उन्होंने इस नवाचार के लिए आयुर्वेद विभाग का आभार व्यक्त किया। मेघवाल ने कहा कि आयुर्वेद विभाग की यह पहल अत्यंत सराहनीय है, क्योंकि इसमें निशुल्क शल्य चिकित्सा, दवा वितरण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश एक साथ दिया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *