कोटा को मिलेगा नया फायर स्टेशन:नदी पार इलाके में बनेगा, बढ़ते शहर के हिसाब से पांच फायर स्टेशन होंगे

कोटा को आने वाले समय में एक और फायर स्टेशन मिल जाएगा। इसके बाद शहर में अग्निशमन केन्द्रों की संख्या पांच हो जाएगी। शहर के विकास व विस्तार को देखते हुए नए अग्निशमन केन्द्र की जरूरत पड़ रही थी। विशेष रूप से नदी पार क्षेत्र में अग्निशमन केन्द्र बनाया जाना है। इसके लिए केडीए ने हाल ही में 1698 वर्ग मीटर जमीन चिह्नित की है। इसका प्रस्ताव राज्य सरकार को स्वीकृति के लिए भेजा है। कोटा में वर्तमान में चार अग्निशमन केन्द्र हैं। कोटा उत्तर में सब्जीमंडी व स्टेशन रोड पर खेड़ली फाटक में उप अग्निशमन हाल ही में स्थापित किया गया है। जबकि नए कोटा में श्रीनाथपुरम, भामाशाह मंडी व रानपुर में अग्निशमन केन्द्र बने हुए हैं। नए कोटा शहर में तो केवल सीएडी चौराहे के आसपास ही एक उप केन्द्र बनाए जाने की दरकार है। जबकि पुराने शहर में बारां रोड से लेकर नदी पार और स्टेशन तक का क्षेत्र काफी बड़ा व दूर तक बढ़ता जा रहा है। दमकलों को पहुंचने में वक्त लगता था ऐसे में इन क्षेत्रों में आग लगने की घटना होने पर सब्जीमंडी व अन्य फायर स्टेशनों से दमकलें पहुंचने में समय अधिक लगता है। नगर निगम कोटा के सीएफओ राकेश व्यास ने बताया- नदी पार कुन्हाड़ी मेन फायर स्टेशन के लिए जगह तलाश की जा रही है। केडीए की ओर से जमीन आवंटित की जाएगी। उसके बाद नगर निगम फायर स्टेशन बनाया जाएगा। कोटा विकास प्राधिकरण की हाल ही में आयोजित हुई बैठक में नांता रोड कुन्हाडी में 1698 वर्ग मीटर जमीन चिह्नित की गई है। उस जमीन के आवंटन का प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति के लिए राज्य सरकार को भेजा गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *