आयुर्वेद शिविर में 433 मरीजों को मिला उपचार:राष्ट्रीय आयुष मिशन का 10 दिवसीय निशुल्क शल्य चिकित्सा शिविर जारी

सलूंबर में राष्ट्रीय आयुष मिशन और आयुर्वेद विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 10 दिवसीय निशुल्क आयुर्वेद शल्य चिकित्सा शिविर आयोजित किया जा रहा है। महावीर इंटरनेशनल के सहयोग से चल रहे इस शिविर में लोगों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। शिविर के तीसरे दिन 433 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। यह शिविर आमजन को आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धतियों से जोड़ने के साथ-साथ गंभीर और जटिल रोगों के उपचार में भी प्रभावी भूमिका निभा रहा है। शिविर में सर्जरी, गैर-संक्रामक रोग (NCD) स्क्रीनिंग, पंचकर्म और सामान्य रोगों के उपचार की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। शिविर के तीसरे दिन तक विभिन्न सेवाओं के तहत कुल 433 मरीजों का उपचार किया गया। इनमें 53 गैर-संक्रामक रोगों (मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग) के मामले शामिल हैं, जिन्हें आयुर्वेदिक उपचार दिया गया। इसके अतिरिक्त, 62 मरीजों का पंचकर्म उपचार किया गया और विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा 36 जटिल क्षारसूत्र सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न की गईं। आयुर्वेदिक ओपीडी सेवाओं के तहत 282 मरीजों को परामर्श और उपचार प्रदान किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूक करना और गुणवत्तापूर्ण, सुलभ तथा निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। सलूंबर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाया। आयुर्वेद विभाग, जिला सलूंबर के सहायक नोडल अधिकारी डॉ. जितेंद्र जोशी ने बताया कि आयुर्वेद के प्रति आमजन का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इसे देखते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाने की आवश्यकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *