राज्यपाल हरिभाऊ किशनराव बागड़े बुधवार देर शाम डूंगरपुर पहुंचे। सर्किट हाउस में प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। कुछ देर रुकने के बाद वे बांसवाड़ा के लिए रवाना हो गए। राज्यपाल के डूंगरपुर आगमन की सूचना मिलते ही प्रशासन अलर्ट हो गया था और सर्किट हाउस में तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। देर शाम राज्यपाल हरिभाऊ किशनराव बागड़े उदयपुर से नेशनल हाईवे के रास्ते डूंगरपुर पहुंचे। सर्किट हाउस में कलेक्टर अंकित कुमार सिंह और एसपी मनीष कुमार सहित कई अधिकारियों ने पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया। इसके बाद राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। राज्यपाल कुछ देर के लिए सर्किट हाउस में रुके और फिर सागवाड़ा के रास्ते बांसवाड़ा जिले के लिए प्रस्थान किया। वे गुरुवार को बांसवाड़ा में प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल होंगे।


