महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर के बढ़ते खतरे को देखते हुए जांच के लिए रांची सदर अस्पताल में डिजिटल मैमोग्रॉफी मशीन का सोमवार को उद्घाटन किया गया। ‘वीनस डीआरवी प्लस नामक यह अत्याधुनिक मैमोग्रॉफी मशीन रोटरी क्लब ऑफ रांची ने उपलब्ध कराई है। इसकी कीमत करीब 45 लाख रुपये है। मशीन का उद्घाटन मुख्य अतिथि डीजी रोटेरियन बिपिन चाचन, फर्स्ट लेडी रोटेरियन शिल्पी चाचन, रोटरी अध्यक्ष गौरव बागरॉय, सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, डिप्टी सुपरिटेंडेंट डॉ. विमलेश सिंह ने संयुक्त रूप से किया। क्लब की ओर से अस्पताल को लेटेस्ट कम्प्यूटर सेट व 180 लीटर की एक वाटर कूलर मशीन भी डोनेट किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि बिपिन चाचन ने कहा कि 40 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं में स्तन कैंसर का जोखिम अधिक होता है। प्रारंभिक अवस्था में कैंसर की पहचान से न केवल इलाज सरल होगा, बल्कि जीवन भी बचाया जा सकता है। सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि क्लब के यह कार्य काफी प्रशंसनीय है। यह मशीन ब्रेस्ट कैंसर के मामलों में कारगर होगी। समय से बीमारी का पता चलने पर उसका इलाज भी समय से शुरू हो सकेगा। सदर अस्पताल में आधुनिक वेंटिलेटर मशीन एवं मॉर्चरी मशीन का अभाव है। पूर्व अध्यक्ष शाहिद पॉल ने आश्वासन दिया कि क्लब के माध्यम से अतिशीघ्र दो आधुनिक वेंटिलेटर मशीन व एक मॉर्चरी मशीन उपलब्ध कराई जाएगी। क्लब के अध्यक्ष गौरव और सचिव ख्याति मुंजाल ने कहा कि क्लब ने अपने प्रोजेक्ट ‘आरोग्यम – बैटलिंग ब्रेस्ट कैंसर के तहत यह मशीन लगाई है। इसमें दक्षिण कोरिया के रोटरी क्लब सुवोन-नोसोंग डी-3750 ने भी योगदान किया है। अगले तीन वर्षों तक इस मशीन की देखरेख अस्पताल के चिकित्सकों एवं पारामेडिकल स्टाफ को प्रशिक्षण देने का भी काम किया जाएगा। रोटरी रांची के प्रवक्ता प्रवीण राजगढ़िया ने कहा कि सुविधा बहुत ही कम दर पर उपलब्ध होगी। आयुष्मान भारत एवं बीपीएल के लाभार्थियों के लिए जांच निःशुल्क होगी। जबकि अन्य लोग सीजीएचएस दर पर सिर्फ 1100 रुपये देकर जांच करा सकेंगे।


