भास्कर न्यूज | रामानुजनगर पटना स्थित विधायक निवास में वन नेशन वन इलेक्शन विषय पर विधानसभा स्तरीय संगोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि विधायक भूलन सिंह मरावी रहे। उन्होंने कहा कि देश में हर समय कहीं न कहीं चुनाव होते रहते हैं। इससे आर्थिक बोझ बढ़ता है। प्रशासनिक कामकाज प्रभावित होता है। विकास की गति धीमी पड़ती है। उन्होंने कहा कि भाजपा चाहती है कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ हों। इसके लिए देशभर में रायशुमारी की जा रही है। एक साथ चुनाव होने से देश को बड़ा लाभ होगा। संगोष्ठी में वरिष्ठ नेता भीमसेन अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली सोनी, पूर्व जिलाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल, महामंत्री राजेश अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष अनूप सिन्हा, मंत्री संदीप अग्रवाल, शशिकांत गर्ग और श्यामा पांडेय विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। जिलाध्यक्ष मुरली सोनी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव एक साथ कराकर उदाहरण प्रस्तुत किया गया है। इससे यह साबित होता है कि देशभर में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराए जा सकते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि मंडल और बूथ स्तर पर सामाजिक संगठनों और समाज प्रमुखों से चर्चा करें। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम प्रस्ताव भेजने के लिए लोगों को प्रेरित करें। कार्यक्रम का संचालन पूर्व मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश उपाध्याय ने किया। आभार शशिकांत गर्ग ने व्यक्त किया। संगोष्ठी से पहले रामानुजनगर मंडल की नवीन कार्यकारिणी की परिचयात्मक बैठक हुई। विधायक भूलन सिंह मरावी ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। उन्हें बधाई दी। संगठन को मजबूत करने के लिए सतत मेहनत करने की बात कही। वरिष्ठ नेता भीमसेन अग्रवाल और पूर्व जिलाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे वन नेशन वन इलेक्शन के पक्ष में माहौल तैयार करें। संगोष्ठी में जिला पदाधिकारी, विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडलों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जिला जनपद, नगर पालिका, नगर पंचायतों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्य, भाजपा और भाजयुमो के पदाधिकारी, सेवा निवृत्त कर्मचारी और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


