आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) को जांच के दौरान अहम जानकारी मिली है। निलंबित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे की पत्नी स्वप्ना संचिता ने वर्ष 2019 में रांची के मेन रोड में एक कॉमर्शियल प्रॉपर्टी महज 26 लाख रुपए में खरीदी थी, जबकि संपत्ति का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 1 करोड़ रुपए है। यह संपत्ति जतिन सहाय नामक व्यक्ति से खरीदी गई थी। जांच में पता चला है कि रजिस्ट्री में संपत्ति का मूल्य सर्कल रेट से भी कम दर्शाया गया है। एसीबी अब यह पता लगा रहा है कि खरीद के समय संपत्ति का बाजार मूल्य क्या था और इसे इतनी कम कीमत पर क्यों बेचा गया। अशोक नगर जमीन मामले में साले से पूछताछ, कल भी होगी
एसीबी ने बुधवार को विनय चौबे के साले शिपिज त्रिवेदी से पूछताछ की। उनसे अशोक नगर स्थित जमीन की खरीद और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन को लेकर सवाल किए गए। यह जमीन विनय चौबे के ससुर एस.एन. त्रिवेदी के नाम पर निबंधित है। जमीन की रजिस्ट्री के लिए करीब 3 करोड़ रुपए का भुगतान विनय चौबे की पत्नी स्वप्ना ने किया गया था। पूछताछ में शिपिज त्रिवेदी एसीबी के कई सवालों का जवाब नहीं दे सके। एसीबी ने उन्हें शुक्रवार को फिर से पूछताछ के लिए बुलाया है।


