शिअद नेता एवं पूर्व मंत्री बिक्रम मजीठिया की आय से अधिक संपत्ति मामले में मंगलवार को मोहाली कोर्ट में सुनवाई हुई। मामले में मजीठिया के खिलाफ चार्ज फ्रेम होने की संभावना थी, लेकिन सुनवाई टल गई और अगली तारीख 3 जनवरी की तय की गई। अब अगली सुनवाई में मजीठिया के खिलाफ चार्ज फ्रेम करने को लेकर बहस होगी और फिर चार्ज फ्रेम होंगे। मामले में विजिलेंस ने 22 अगस्त को मोहाली अदालत में चालान पेश किया था। चालान में 200 से अधिक गवाहों को शामिल किया गया है और 40 हजार पन्नों की चार्जशीट कोर्ट में पेश की गई, जिसे 4 ट्रंकों में लाया गया था। वहीं, मजीठिया जमानत के लिए हाईकोर्ट से राहत न मिलने के बाद सुप्रीम कोर्ट पहुंचे हैं, वहां मामले की सुनवाई 19 जनवरी को होगी। विजिलेंस ने 25 जून को मजीठिया को अमृतसर से गिरफ्तार किया था। आरोप है कि उन्होंने अपनी आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है। इससे पहले 2021 में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में उन पर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ था। पंजाब, हिमाचल, दिल्ली और यूपी में मजीठिया की संपत्तियों पर रेड की गई है। सरकार का दावा है कि उसके पास ठोस सबूत मौजूद हैं।


