भास्कर न्यूज | अंबिकापुर रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने जूनियर इंजीनियर (जेई) सीबीटी-2 परीक्षा की दूसरी शिफ्ट को रद्द कर दिया। आरआरबी के अनुसार 22 अप्रैल को आयोजित इस परीक्षा में सॉफ्टवेयर एरर के चलते बड़ी गड़बड़ी सामने आई। मैकेनिकल फर्स्ट शिफ्ट के नॉन-टेक्निकल प्रश्न-पत्र के 50 सवाल सेकंड शिफ्ट की सिविल इंजीनियरिंग परीक्षा में रिपीट हो गए। इसके चलते बोर्ड ने न सिर्फ सिविल, बल्कि सेकंड शिफ्ट में आयोजित इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल ब्रांच की परीक्षाएं भी रद्द कर दीं।आरआरबी का कहना है कि यह गलती सॉफ्टवेयर से हुई थी, जिसके चलते एक ही दिन में आयोजित दोनों शिफ्टों में प्रश्नों का रिपीटेशन हो गया। हालांकि, इससे सबसे बड़ा नुकसान उन हजारों उम्मीदवारों को हुआ है, जिन्होंने जेई सीबीटी-1 उत्तीर्ण कर सेकंड चरण की परीक्षा तक का सफर तय किया था। अब उनकी मेहनत पर पानी फिर गया है और दोबारा परीक्षा के लिए इंतजार करना पड़ेगा। इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल इंजीनियरिंग के अभ्यर्थी इस निर्णय से खासे नाराज हैं। उनका सवाल है कि जब गलती सिविल पेपर में हुई तो अन्य ब्रांचों की परीक्षाएं क्यों रद्द कर दी गईं। परीक्षार्थियों का कहना है कि रेलवे ने बिना वजह उनकी मेहनत और समय को नजरअंदाज किया है। मालूम हो कि पहली शिफ्ट की परीक्षा सुबह 8.30 बजे से 10.30 बजे तक आयोजित हुई थी, जबकि दूसरी शिफ्ट की परीक्षा दोपहर 2.30 बजे से होनी थी। परीक्षा रद्द होने से हजारों अभ्यर्थियों को हुई मायूसी बता दें कि रेलवे जेई, डीएमएस, सीएमए के लिए बिलासपुर जोन में 472 व देशभर में 7951 पोस्ट पर 22 अप्रैल को सीबीटी-2 की परीक्षा हुई थी। इसमें पोस्ट से 15 गुना छात्रों ने आवेदन किया था। देश के विभिन्न शहरों में आयोजित सेकेंड शिफ्ट की परीक्षा के रद्द होने से हजारों अभ्यर्थी मायूस हैं। रेलवे भर्ती बोर्ड ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही नई तिथि घोषित की जाएगी।


