भास्कर न्यूज| लुधियाना। आरएएस/आरटीएस संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2023 के मुख्य परीक्षा परिणाम 2 जनवरी 2025 को घोषित किए गए हैं। आयोग द्वारा परिणाम में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को विस्तृत आवेदन पत्र और सेवा प्राथमिकता क्रम ऑनलाइन भरने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए 11 जनवरी से 17 जनवरी तक का समय निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों को विस्तृत आवेदन पत्र और सेवा प्राथमिकता क्रम ऑनलाइन भरने के बाद ही साक्षात्कार में प्रवेश मिलेगा। इस संबंध में सभी आवश्यक दिशा-निर्देश आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। यह प्रक्रिया ऑनलाइन ही पूरी की जानी चाहिए और इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर ही पूरा करना अनिवार्य है। विस्तृत आवेदन पत्र और सेवा प्राथमिकता क्रम भरने के लिए एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन कर रिक्रूटमेंट पोर्टल के माय रिक्रूटमेंट सेक्शन के तहत डिटेल्ड फार्म कम स्क्रूटनी लिंक पर क्लिक करना होगा। अभ्यर्थी किसी भी तरह के ऑफलाइन आवेदन पत्र या सेवा प्राथमिकता क्रम को आयोग द्वारा स्वीकार नहीं किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को सूचित किया गया है कि विस्तृत आवेदन पत्र और सेवा प्राथमिकता क्रम को ऑनलाइन भरने के लिए लिंक 11 जनवरी से 17 जनवरी रात 12 बजे तक उपलब्ध रहेगा। उसके बाद यह लिंक निष्क्रिय हो जाएगा। इस दौरान, अभ्यर्थियों को सभी निर्देशों का पालन करते हुए आवेदन प्रक्रिया को पूरी करना होगा। जरूरी दिशा-निर्देशों का पालन करें आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को विस्तृत आवेदन पत्र और सेवा प्राथमिकता क्रम भरने के संबंध में जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य है। आवेदन पत्र को सही और पूर्ण रूप से भरने के बाद ही साक्षात्कार के लिए प्रवेश मिलेगा। इसके अलावा, आयोग ने राज्य और अधीनस्थ सेवाओं के पदक्रम का विवरण अपनी वेबसाइट पर जारी किया है, जिसे अभ्यर्थी देख सकते हैं।


