हाथ में दंड(डंडा), काली टोपी, सफेद शर्ट और खाकी पतलून पहनकर कदम से कदम मिलाकर घोषवादन करते स्वयंसेवकों का पथ संचलन और पथ संचलन के पूरे 6100 मीटर के मार्ग पर पुष्पवर्षा करते नागौरवासी … ये दृश्य है आज नागौर में निकले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पथ संचलन का। अनुशासन और राष्ट्रभावना में बंधे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने संघ के शताब्दी वर्ष में मकर संक्रांति के विशेष पर्व को धूमधाम से मनाया गया। विशेष पथ संचलन कार्यक्रम 12 जनवरी को दोपहर साढ़े 12 बजे से शुरू हुआ। स्वयंसेवकों ने दंड दर्शन, नियुद्ध यानि बिना शस्त्र रक्षा करना, आसन, योग, आसन, गीत और तिष्ठ योग आदि का प्रदर्शन किया। इसके बाद संघ के राजस्थान क्षेत्र कार्यवाह जसवंत खत्री, रिटायर्ड एयरमार्शल जगदीश चंद्र और जैसला पीठ के रामाचार्य महाराज ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि मकर संक्रांति का पर्व संघ के लिए विशेष है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मकर संक्रांति पर्व के लिए बनने वाले तिल के लड्डूओं की तरह ये संदेश देना चाहता है कि हम सब को तिल के रूप में होते हुए भी गुड़ रूपी समाज से जुड़कर एक संगठन में रहते हुए सामाजिक समरसता काे कायम रखना चाहिए। मंच पर वक्ताओं के संबोधन के बाद कांकरिया स्कूल से 2 दलों में पथ संचलन के लिए स्वयंसेवक रवाना हुए। एक दल शक्ति धारा रेलवे स्टेशन, नकास गेट, रामपोल, शिवबाड़ी, किले की ढाल होकर गुजरा और दूसरा दल भक्ति धारा अहिंसा सर्किल, नया दरवाजा, लोहियों का चौक, काठड़ियों का चौक और त्रिपोलिया होकर निकला। ठीक शाम 3 बजकर 33 मिनट पर गांधी चौक में दोनों दलों का संगम हुआ, ये दृश्य काफी रोमांचक और देखने लायक था। दोनाें धाराओं के संचलन मार्ग में जगह-जगह तोरण द्वार लगाए गए थे। आरएसएस के पथ संचलन पर बड़े पीर साहब की दरगाह के बाहर मुस्लिम बंधुओं ने पुष्पवर्षा की। संघ के सबसे प्रमुख पथ संचलन पर मस्जिद से पुष्पवर्षा को सभी ने खूब सराहा। इससे पहले गांधी चौक स्थित हन्फिया सूफिया मदरसे की छत से पुष्पवर्षा की गई। संघ के राजस्थान क्षेत्र कार्यवाह जसवंत खत्री ने यहां पथ संचलन के संगम का अवलोकन किया। प्रधानाचार्य मोहम्मद अहसान ने आगंतुको के लिए व्यवस्था की। गांधी चौक में दोनों धाराओं के संगम के बाद एक होकर ए रोड से दिल्ली दरवाजा और विजय वल्लभ चौक होकर माली समाज भवन पहुंचे। माली समाज भवन में भारतीय संगीत और वाद्य यंत्रों की धुन पर घोष वादन के साथ विशेष पथ संचलन कार्यक्रम का समापन हुआ। विभाग संघ चालक डॉ. केवलराम गौड़ ने कहा कि संघ के हजारों स्वयंसेवकों ने अनुशासन और एकता का परिचय देते हुए आज पथ संचलन निकाला। इससे पहले शारीरिक दक्षताओं का प्रदर्शन करते हुए युवाओं ने कौशल परिचय दिया। नगर संघ चालक मांगीलाल बंसल ने जिला प्रशासन, पुलिस, सभी सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, नगर परिषद आदि के कार्मिकों का व्यवस्थाओं में सहयोग करने के लिए आभार जताया।


