आरएसएस का शताब्दी वर्ष : सामाजिक चेतना के लिए हिंदू सम्मेलन, हर घर आमंत्रण पहुंचाएंगे

भास्कर संवाददाता | राजगढ़ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपनी स्थापना का शताब्दी वर्ष मना रहा है। इसी निमित्त समाज की सामूहिक चेतना को जागृत करने के उद्देश्य से राजगढ़ में मंडल और बस्ती स्तर पर हिंदू सम्मेलनों की एक शृंखला आयोजित की जा रही है। इस क्रम में आगामी 21 दिसंबर 2025 को नगर की मनकामनेश्वर बस्ती का हिंदू सम्मेलन मंगल भवन में संपन्न होने जा रहा है। इसकी तैयारियों को लेकर नगर में भव्य ध्वज यात्रा निकाली गई जो परायण चौक से शुरू होकर प्रमुख मार्गों से होते हुए मंगल भवन पहुंची। यहां सम्मेलन स्थल पर ध्वज पूजन के साथ ध्वजारोहण किया गया। यात्रा से पहले परायण चौक में अक्षत कलश की पूजन कर इन्हें कार्यकर्ताओं में वितरित किया गया, जिनका लक्ष्य प्रत्येक हिंदू घर तक आमंत्रण पहुंचाना है। इस अवसर पर समाजसेवी लक्ष्मीनारायण चौहान ने कहा कि हिंदू सम्मेलन समाज की सामूहिक चेतना के जागृत करने का एक माध्यम है, जिससे समाज संगठित होने के साथ ही एक दिशा और शक्ति भी प्राप्त करेगा। उन्होंने बताया कि सम्मेलनों का लक्ष्य समाज में पांच परिवर्तन के विषयों को प्रतिपादित करना है। इन विषयों में समरसता का भाव, कुटुंब प्रबोधन, स्वदेशी एवं स्वावलंबन का जागरण, पर्यावरण संरक्षण, और नागरिक शिष्टाचार का पालन शामिल है। राजगढ़ में हिंदू सम्मेलन चार स्थानों पर होंगे 21 दिसंबर को मंगल भवन से शुरुआत होगी। इसके बाद 2 जनवरी 2026 को बड़ी फील्ड, 4 जनवरी 2026 को राजमहल परिसर और अंत में गायत्री बस्ती का सम्मेलन स्टेडियम परिसर में संपन्न होगा। इन सभी सम्मेलनों के लिए अक्षत कलश अपनी-अपनी बस्ती और ग्रामीण मंडल केंद्र पर पहुंच चुके हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *