भास्कर न्यूज | धमतरी आरटीई में प्रवेश के लिए पहले चरण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इसमें 889 बच्चों का एडमिशन हो गया है। अब 109 बच्चों ने सूची में नाम आने के बाद भी एडमिशन नहीं लिया, वहीं 15 बच्चों के पालकों ने स्कूल में एडमिशन की प्रक्रिया पूरी नहीं की, जिस कारण उनका भी एडमिशन नहीं हो पाया। अब कुल 177 सीट आरटीई के खाली हैं। इसके लिए दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। छात्र पंजीयन का पोर्टल शुरू हो गया है, जो 6 दिन बाद यानी 12 जुलाई को बंद भी हो जाएगा। पालकों के पास आवेदन करने के लिए मात्र 6 दिन ही बचे हैं। इस बीच सभी दस्तावेज बनाकर आवेदन करने होंगे। पूर्व में आवेदन करने वाले पालकों को फिर से अपने आवेदन ऑनलाइन अपडेट करने होंगे। तभी दूसरे चरण में शामिल होंगे। जिले में 191 निजी स्कूलों में आरटीई के लिए 1066 सीट आरक्षित है। इन सीटों पर प्रवेश की प्रक्रिया चल रही है। पहले चरण में 3449 आवेदन मिले थे, जिनमें से 1164 आवेदन अपात्र किए गए। 2177 आवेदन लॉटरी में शामिल किया गया। अब दूसरे चरण में आवेदन लिया जा रहा है। अब तक 110 पालकों ने 177 सीट के लिए आवेदन कर लिया है। आवेदन की हार्डकॉपी संबंधित स्कूल के नोडल केंद्र में जमा करनी होगी। इसी आधार पर नोडल अधिकारी आवेदन का सत्यापन करेंगे। यह 19 जुलाई तक चलेगा। इस साल भी प्रवेश में हुई लेटलतीफी: शिक्षा सत्र 2025-26 की शुरुआात 16 जून से हो चुकी है। स्कूलों में पढ़ाई भी शुरू हो चुकी है। इधर, आरटीई में एडमिशन की प्रक्रिया भी चल रही है। पूर्व में निर्धारित सूचना के अनुसार पालक 20 जून से पोर्टल छात्र पंजीयन के लिए खुलना था, जो 10 दिन बाद 2 जुलाई के बाद खुला है। दूसरे चरण के लिए पोर्टल देरी से खुलने के कारण कई पालकों ने बच्चों का एडमिशन निर्धारित फीस देकर करा लिया है। कई पालकों ने नाम नहीं आने पर निजी स्कूल में फीस देकर एडमिशन कराया। {छात्र पंजीयन- 12 जुलाई तक {दस्तावेज की जांच- 19 जुलाई तक {लॉटरी एवं आबंटन- 22 व 23 जुलाई {स्कूल में दाखिला- 25 से 31 जुलाई कई पालक पहले चरण में दस्तावेज की कमी के कारण आवेदन नहीं कर पाए थे। अब दूसरे चरण के लिए आवेदन कर रहे हैं। जन्म प्रमाण पत्र व आधार कार्ड में त्रुटि होने के कारण पालक इसे सुधरवाने जिला अस्पताल भी पहुंचने लगे हैं। {पंजीकृत निजी स्कूल- 191 {आरटीई के लिए 25 प्रतिशत आरक्षित सीट- 1066 {कुल प्राप्त आवेदन – 3449 {कुल रद्द आवेदन- 1164 {पहले चरण में दाखिला हुआ- 889 {कुल स्कूल नहीं आए- 109 {दूसरे चरण में आवेदन आए- 110


