आरपीएस चैंपियन: 8 ओवर में बनाए 176 रन, कप्तान उमाशंकर ने 12 छक्के जड़े

भास्कर न्यूज | कवर्धा मैदान पर शिक्षक थे, लेकिन अंदाज पूरी तरह प्रोफेशनल ​क्रिकेटर्स जैसा। 8 ओवर के फाइनल में 176 रन ठोककर श्रीरामकृष्ण पब्लिक स्कूल (आरपीएस) की टीम ने ऐसा तूफान मचाया कि अभ्युदय स्कूल की टीम दबाव में बिखर गई। प्रथम वर्ष आयोजित कवर्धा प्राइवेट स्कूल टीचर्स टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब आरपीएस ने 64 रन से जीत लिया। प्रयास स्पोर्ट्स एकेडमी द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला गुरुवार को खेला गया। आरपीएस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। आरपीएस के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। कप्तान उमाशंकर साहू ने 12 छक्कों की मदद से 78 रन ठोके, जबकि अखिलेश शर्मा ने सिर्फ 16 गेंदों में 9 छक्के लगाकर 58 रन बना डाले। 8 ओवर में स्कोर 176 रन पहुंचा दिया। एकेडमी अध्यक्ष गणेश तिवारी ने कहा कि 8 ओवर में 176 रन बनाना बड़ी उपलब्धि है। आरपीएस की टीम ने रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन किया है। आने वाले वर्षों में इस टूर्नामेंट को और बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा। समापन के मौके पर सांसद के निज सहायक गजराज सिंह ठाकुर, पार्षद दीपक सिन्हा, पार्षद हरीश साहू समेत अन्य उपस्थित रहे। विपिन वैध की जुझारू पारी, लेकिन टीम पिछड़ी 176 रन के बड़े लक्ष्य के सामने अभ्युदय स्कूल की टीम शुरुआत से दबाव में नजर आई। खिलाड़ी विपिन वैध ने अकेले मोर्चा संभालते हुए शानदार 65 रन बनाए। लेकिन दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिल पाया। एक-एक कर विकेट गिरते रहे। पूरी टीम 114 रन पर सिमट गई। अभ्युदय यह फाइनल 64 रनो‍ं से हार गई। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए जीता खिताब आरपीएस की जीत में बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी और फील्डिंग का भी अहम योगदान रहा। सटीक गेंदबाजी और चुस्त फील्डिंग ने अभ्युदय की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया। प्रतियोगिता में आरपीएस प्रथम, अभ्युदय स्कूल द्वितीय और अशोका पब्लिक स्कूल तृतीय स्थान पर रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *