जयपुर | आरबीआई की आेर से 9 से 13 फरवरी तक वित्तीय साक्षरता सप्ताह आयोजित किया जाएगा। इस साल की थीम ‘केवाईसी-सुरक्षित बैंकिंग की ओर आपका पहला कदम’ रखी गई है। सप्ताहभर चलने वाले इस अभियान का उद्घाटन आरबीआई के जयपुर कार्यालय में क्षेत्रीय निदेशक नवीन नम्बियार ने किया। इस मौके पर आरबीआई के उप-महाप्रबंधक सुनील गुप्ता के साथ बैंकों व वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि वित्तीय साक्षरता सप्ताह के दौरान केवाईसी अनुपालन के महत्व और केंद्रीय केवाईसी (सीकेवाईसी) के लाभ तथा धोखाधड़ी वाले केवाईसी संबंधी कॉल, संदेश और लिंक से बचाव के बारे में जागरूकता पैदा की जाएगी। जनता को मनी म्यूल्स बनने से सावधान किया जाएगा। जागरूकता और संपर्क कार्यक्रमों से सुरक्षित वित्तीय व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए संदेशों का प्रसार किया जाएगा। कार्यक्रम में वित्तीय जागरूकता संदेश वाले पोस्टर का विमोचन भी किया गया।


