रांची| रांची यूनिवर्सिटी के भूगोल विभाग में तीन दिवसीय इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस मंगलवार से शुरू होने जा रहा है, जो 9 अक्टूबर चलेगा। 9वां नेशनल एसोसिएशन ऑफ जियोग्राफर्स, इंडिया के तत्वावधान में यह कांफ्रेंस आयोजित किया जा रहा है। इस साल का विषय सतत भविष्य पृथ्वी: संसाधन उपयोग और प्रबंधन की चुनौतियां है। उद्घाटन समारोह सुबह 10:30 बजे बेसिक साइंस भवन स्थित आर्यभट्ट हॉल, मोरहाबादी में शुरू होगा। बतौर मुख्य अतिथि राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार शामिल होंगे, जबकि वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर विशेष अतिथि रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रांची यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. (डॉ.) डीके सिंह करेंगे। उद्घाटन सत्र में प्रो. वीसी झा मुख्य व्याख्यान देंगे। इस अवसर पर रिसर्च पत्रिका का भी विमोचन किया जाएगा। एचओडी डॉ जीतेंद्र शुक्ल की मॉनिटरिंग में कांफ्रेंस की तैयारी पूरी कर ली गई है। इस कांफ्रेंस में देश-विदेश के चार सौ से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। इधर सोमवार को वीसी प्रो. डीके सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने तैयारी का जायजा लिया।


