आरोप-धर्म परिवर्तन के दौरान जलाईं देवताओं की तस्वीर:कभी अनूपगढ़ में 1 ईसाई नहीं था, अब कई परिवार, हेलमेट से पहचान छिपाता था आरोपी

श्रीगंगानगर के अनूपगढ़ में 454 हिंदुओं को ईसाई बनाने का मुद्दा गर्माया हुआ है। भास्कर टीम मामले की पड़ताल के लिए ग्राउंड पर पहुंची तो कई हैरान कर देने वाली बातें सामने आईं… पढ़िए पूरी रिपोर्ट… पुलिस में शिकायत करने वाले संदीप ने बताया कि – 11 साल से यह आदमी हिंदुओं को ईसाई बना रहा है। 454 लोग तो हिंदू से ईसाई बनकर अब खुद गांव-गांव जाकर धर्म परिवर्तन करा रहे हैं। बारजो के दो अन्य सहयोगी श्यामलाल और सुरजीत भी इस काम में मदद करते थे। बच्चों को भी नहीं छोड़ा। हिन्दू परिषद के जिला प्रमुख मदन गैदर कहते हैं- आरोपी पौलुस झारखंड के कटिंगेल गांव का है। इसके पिता डिम्बू बारजो ने भी परिवार सहित ईसाई धर्म अपनाया हुआ है। पत्नी विनीता टोपे, बेटा और बेटी यहीं अनूपगढ़ में रहते हैं। नक्सलवाद से जुड़े हो सकते हैं तार पुलिस को बारजो के घर से अलग अलग बैंकों की पास बुक्स और दर्जनों रजिस्टर एवं कागजात मिले हैं। आरोप है कि बारजो लोगों की आर्थिक मदद, बीमारी में सहायता देने, शादी करवाने के नाम पर गरीब पिछड़े वर्ग के लोगों से संपर्क करता था। हमें शक है कि इसके तार नक्सलवाद से भी जुड़े हो सकते हैं। चेन्नई से पौलूस की संस्था को फंड मिलता था। 30 साल से वह इस संस्था से जुड़ा हुआ है। मदन बताते हैं कि अनूपगढ़ में कभी मुश्किल से एक ईसाई परिवार नहीं था। पिछले कुछ समय में इनकी संख्या तेजी से बढ़ी है। 2 पीजीएम, पायल सिनेमा के पास, 16A, अनूपगढ़ बीएसएफ कैंपस के पास और तीन से चार चर्च बन गए हैं। विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री कृष्ण लाल ने कहा कि धर्म परिवर्तन के शिकार लोगों की घर वापसी कराई जाएगी। इसके लिए संगठन की ओर से संपर्क कर सूचीबद्ध किया जाएगा। पड़ोसी बोले- घर से हमेशा हेलमेट पहनकर ही निकला था पौलुस पौलुस वार्ड 14 में रेलवे स्टेशन के पास बनी कॉलोनी में गली नंबर दो में रहता है। मामला सामने आने के बाद से इलाके में सन्नाटा पसरा है। उसके पड़ोसी भी कुछ बोलने को तैयार नहीं थे। ऑफ कैमरा नाम न छापने की शर्त पर एक पड़ोसी ने बताया कि पौलुस के घर से किसी तरह के भजन या गीत संगीत की आवाज नहीं आती थी। संडे को लोग ज्यादा आते थे। हालांकि, मोहल्ले में उसका व्यवहार सबसे अच्छा था। जब भी घर से निकलता हेलमेट लगाकर ही निकलता था। कभी भी उस पर धर्मांतरण को लेकर कोई शक नहीं हुआ। गली सूनी, घर पर लगा ताला, मकान मालिक के घर गई पत्नी पौलुस की पत्नी विनीता टोपे ने पति की गिरफ्तारी के बाद से खुद को घर में बंद कर रखा था। पड़ोस में भी किसी से बातचीत नहीं कर रही थी। बुधवार सुबह पुलिस आई तो रोने लगी। मूल रूप से उड़ीसा की रहने वाली विनीता फिलहाल अपने बेटे को लेकर मकान मालिक विनोद के घर चली गई हैं। विनोद के बेटे आर्यन को भी पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार किया है। घरवाले बोले – आरोप बेबुनियाद हैं विनिता ने बताया कि जिस युवक संदीप ने आरोप लगाया है, हम उसे नहीं जानते हैं और मेरे पति उसे कभी नहीं मिले हैं। रजिस्टरों में जो जानकारी है वह उन लोगों की है जिनको हमने प्रभु का संदेश बताया। मेरे पति परेशान लोगाें की सुख शांति के लिए दुआ प्रार्थना करने का काम करते हैं। सबको अपना धर्म मानने की आजादी है। हम किसी को फोर्स नहीं करते हैं कोई लोभ–लालच नहीं देते। वीडियो में उन्होंने जो फंडिंग और सैलरी की बात कही है वो संस्था की ओर से हमारे पालन पोषण के लिए मेहनताना है। विनोद के बेटे आर्यन को भी पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार किया है। भास्कर ने आर्यन की पत्नी ममता और मां पुष्पा देवी से भी बात की। पुष्पा का कहना है कि संदीप पहले से शादीशुदा है। उसकी शादी करवाने की बात मेरे बेटे और पति ने कभी नहीं की। वह किसी रंजिश के चलते यह झूठ बोल रहा है। वहीं, पत्नी ममता का कहना है कि उसके पति पर लगे आरोप गलत हैं। हम पूरी तरह से हिंदू धर्म को मानते हैं और हमारी शादी भी हिंदू रीति रिवाज के हिसाब से हुई है। पुलिस बोली- धर्म बदलने वालों को सामने लाना सबसे बड़ी चुनौती अनूपगढ़ डीएसपी प्रशांत कौशिक ने कहा कि अभी तक जांच में सामने नहीं आया है कि कितने लोगों का धर्म परिवर्तन हुआ। जो 454 का आंकड़ा है वो गलत है। अनूपगढ़ थाना एसएचओ ईश्वर प्रसाद का कहना है कि आराेपी और उसकी पत्नी के नाम से 4 से 5 बैंक अकाउंट मिले हैं, जिसमें सामान्य ट्रांजैक्शन हुए हैं। विदेशी फंडिंग जैसी कोई बात अभी तक सामने नहीं आई है। धर्म परिवर्तन के शिकार लोगों को ढूंढ़ना और बयान लेना बड़ी चुनाैती है। धर्म परिवर्तन के आरोपियों को सख्त सजा की मांग वहीं बुधवार को हिन्दू संगठनों विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और सेवा भारती समेत कई धार्मिक संगठनों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस और प्रशासन से गहनता से जांच कर इस प्रकरण में शामिल सभी लोगों को सख्त सजा दिला की मांग की है। साथ ही यह भी कहा कि अगर पुलिस प्रशासन संतोषजनक कार्यवाही नहीं करता है तो संगठन सड़कों पर प्रदर्शन करेंगे। पीड़ित संदीप बोला- मेरे सामने जला दी देवी-देवताओं की तस्वीर इस मामले में शिकायत करने वाले संदीप ने बताया कि- बाइक स्पेयर पार्ट्स की दुकान करने वाले विनोद और आर्यन मेरे जानने वाले हैं। आर्यन और विनोद ने ही सवा महीने पहले मुझे पौलुस बारजो से मिलवाया था। मेरी शादी नहीं हो रही थी। बारजो ने कहा तुम्हारे लिए प्रेयर करनी होगी। वह मुझे लेकर प्रेमनगर की ए 1 माइनर रोड स्थित नहर पर ले गया। मुझे सफेद कुर्ते पायजामे में आने को कहा गया। पहले वह खुद नहर में उतरा। उसके बाद उसने प्रेयर के बहाने मुझे भी नहर के अंदर बुला लिया। उसके बाद अंग्रेजी में कुछ मंत्र बोलने लगा। मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा था, लेकिन मैं शांत खड़ा रहा। कुछ देर बाद उसने मेरे सिर पर हाथ रखा और डुबकी लगाने को कहा। डुबकी लगाने के बाद बारजो ने कहा कि अब तुम ईसाई बन गए हो। मेरा माथा ठनका। मैंने कहा-आपने मुझे ये तो बताया ही नहीं। अंग्रेजी में क्या बोला ये भी मुझे पता नहीं था। मैं इसे नहीं मानता। मेरे चिल्लाने से कुछ लोग भी इकट्ठे हो गए। लोग मुझे बीकानेर रोड स्थित मेरी दुकान पर लेकर आए। महीने भर मैं अवसाद में रहा। फिर हिम्मत कर मैंने 16 सितंबर को हिंदू परिषद की मदद से अनूपगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। …. धर्म-परिवर्तन से जुड़ी ये खबरें भी पढ़िए… श्रीगंगानगर में 454 हिंदुओं को ईसाई बनाया:बोला-हर साल 20 लोगों के धर्म परिवर्तन का टारगेट, सैलरी मिलती थी धर्मांतरण पर 1 करोड़ जुर्माना, उम्रकैद तक की होगी सजा:संस्थाओं पर चलेगा बुलडोजर; हंगामे के बीच विधानसभा में बिल पास

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *