भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा मुख्यमंत्री कन्या विवाह पर जिला पंचायत अध्यक्ष तुलिका कर्मा ने सवाल खड़े किए हैं। तुलिका ने आरोप लगाया है कि भाजपा शासन में भ्रष्टाचार के नए-नए तरीके ढूंढे जा रहे हैं विभाग, बहन-बेटियों के विवाह का पैसा भी अब भ्रष्ट अधिकारियों की जेब में जा रहे हैं। सत्ता में आते ही भाजपा सरकार ने कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार के कामों में अपनी उगाही चालू कर दी है। वन मंदिर में भ्रष्टाचार का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ है कि ताजा मामले में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में नई किस्से सुनने में आ रहे हैं। महिला बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी नागेश द्वारा बिना टेंडर निकाले अपने चहेते को फायदा पहुंचाने कोटेशन के माध्यम से खरीदी करवाई जा रही है। यह साफ नजर आ रहा है कि यहां भाजपा के शासनकाल में कमीशनखोरी का खेल जारी है और अपने चहेते ठेकेदार को फायदा पहुंचाने अधिकारी और नेताओं द्वारा यह सब कृत्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह आयोजन में जहां सालों से टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से खरीदी की जा रही थी इस बार महिला बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी वरुण नागेश ने नियमों को ताक में रखकर जनता के पैसों को जिले के समस्त परियोजनाओं में भेजकर कोटेशन के माध्यम से खरीदी की जा रही है जबकि राज्य व केंद्र शासन का सख्ती से आदेश है कि शासकीय योजनाएं चाहे जनपद हो या ग्राम पंचायत या फिर विभागीय मद का उपयोग टेंडर व जेम पोर्टल के माध्यम से किया जाना है। फिर जिला कार्यक्रम अधिकारी नागेश को किसके आदेश पर मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के कार्यक्रम की राशि परियोजनाओं में कोटेशन के माध्यम से खरीदी करने को कहा है यह तो साफ दर्शाता है कि यह नियम विरुद्ध काम सिर्फ किसी चहेते को फायदा पहुंचाने के लिए जा रहा है।


