जेल रोड स्थित निर्मल हृदय में गुरुवार को महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आइंद ने मानसिक रूप से अस्वास्थ्य लोगों संग क्रिसमस मनाया। 25 दिसंबर को ख्रीस्त विश्वासी प्रभु येसु ख्रीस्त के जन्म दिवस पर क्रिसमस का पर्व मनाते हैं। संत मदर तेरेसा द्वारा स्थापित मिशनरीस ऑफ चैरिटी धर्मबहनों द्वारा संचालित इस निर्मल हृदय में मानसिक रूप से अस्वास्थ्य, गर्भवती महिलाओं व शारीरिक विकलांगता से ग्रसित महिलाओं का प्रेमपूर्वक देखभाल किया जाता है। महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आइंद ने क्रिसमस पर मिस्सा बलिदान अर्पित कर इनके साथ क्रिसमस मनाया। उन्होंने अपने धर्मोपदेश में कहा कि प्रभु येसु का जन्म हमारे लिए एक चिह्न है कि ईश्वर हमारे साथ है। बहुत सारे लोग अभी भी ईश्वर को नहीं जान पाए हैं, इसलिए हम प्रत्येक को दूत बनकर प्रभु का संदेश दूसरों तक पहुंचाना है। महाधर्माध्यक्ष ने सभी लोगों में भोजन का वितरण कर क्रिसमस के आनंद में सहभागी हुए। मौके पर रांची कैथोलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आइंद, फा. असीम मिंज, चैरिटी धर्मसंघ की धर्म-बहनें व अन्य मौजूद थे।


