शहर में आर्मी डे-परेड 2026 के मौके पर सेना की ओर से तैयारी जोर-शोर से चल रही है। भवानी निकेतन संस्थान सीकर रोड पर सेना के द्वारा आयोजित विशेष प्रदर्शनी का गुरुवार दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा उद्घाटन करेंगे। ‘अपनी सेना को जानें’ थीम पर प्रदर्शनी में सेना की ताकत और आधुनिक हथियारों का प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रदर्शनी में आगंतुकों को अत्याधुनिक हथियार, सुरक्षा उपकरण और सेना की विविध गतिविधियों का सजीव अनुभव मिलेगा। 12 जनवरी तक प्रतिदिन सुबह 10:30 से शाम 5:30 बजे तक आमजन प्रदर्शनी को देख सकेंगे। शाम को 3 से 4 बजे तक प्रतिदिन डॉग शो में प्रशिक्षित जर्मन शेफर्ड डॉग व लेब्राडोर के कारनामें प्रदर्शन करेंगे। यह शो बच्चों और युवाओं के लिए खास आकर्षण का केंद्र है। इसके अलावा, पैराग्लाइडिंग का रोमांचक प्रदर्शन भी जवानों द्वारा किया जाएगा, जिसमें वे तिरंगे के साथ आसमान में उड़ान भरते हुए दर्शकों का मन मोह लेंगे। सेना की बहादुरी और देशभक्ति देख पाएंगे आर्मी डे पर ये कार्यक्रम जनता को सेना की बहादुरी और देशभक्ति के वास्तविक स्वरूप से परिचित कराएंगे। इस भव्य आयोजन के दौरान बच्चों और युवाओं को सेना की विविध गतिविधियों का अनुभव मिलेगा और उन्हें सुरक्षा, साहस और अनुशासन के महत्व का संदेश भी मिलेगा। ड्रोन व हेलीकॉप्टर से आतंकियों के ठिकाने नष्ट करने का डेमों भी होगा बुधवार को रिहर्सल में जांबाज सैनिकों द्वारा पैराग्लाइडिंग करते हुए तिरंगा फहराया गया। रिहर्सल में आतंकवादियों के ठिकानों को नष्ट करने का सजीव अभ्यास भी किया। हेलीकॉप्टर से उतरकर जवानों ने आतंकियों को घेरकर उन्हें पकड़ने का अभ्यास किया। इसी दौरान एक आतंकवादी जवानों की पकड़ से भागने में सफल रहा, लेकिन प्रशिक्षित स्नाइपर डॉग जर्मन शेफर्ड ने उसे तुरंत दबोच लिया। दर्शक इस रोमांचक कार्रवाई को देखकर खूब तालियों से सम्मानित करते नजर आए।


