अलीराजपुर जिले के कट्ठीवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम रठौड़ी में एक जन्मदिन समारोह के दौरान धार्मिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गमेश परमार के घर पर आयोजित जन्मदिन की पार्टी में धार्मिक गतिविधियों को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसमें कथित धर्मांतरण का मामला सामने आया। घटना में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें विनोद भूरिया, मगेसिंह पचाया, गमेश परमार, शिवराज परमार, साम्यल परमार सहित छह से अधिक लोग घायल हो गए। घटना में 6 लोग घायल स्थानीय लोगों के अनुसार, पार्टी में एक विशेष धर्म के भजन और धार्मिक गतिविधियां चल रही थीं, जिस पर गांव के अश्विन और राहुल ने आपत्ति जताई। इसके बाद दोनों पक्षों में झड़प हो गई। आरोप है कि झाबुआ से आए कुछ लोग भी इस मारपीट में शामिल थे। दोनों पक्षों के अपने-अपने आरोप घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कट्ठीवाड़ा ले जाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल भी मौके पर पहुंचे। एक पक्ष का आरोप है कि जन्मदिन की आड़ में धर्मांतरण का प्रयास किया जा रहा था, जबकि दूसरा पक्ष इसे एक ही समुदाय के बीच का विवाद बता रहा है। थाना प्रभारी सरदारसिंह सोलंकी के अनुसार मामले की जांच जारी है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। अभी तक किसी भी पक्ष पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।


