छतरपुर में मंगलवार को एक किसान परिवार भैंस के बच्चे के साथ एसपी कार्यालय पहुंचा। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम कर्री का है, जहां 9 जनवरी को धनीराम पटेल की भैंस चोरी हो गई थी। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई, जिसमें दो व्यक्ति भैंस को ले जाते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित किसान ने चोरों की पहचान कर राजेंद्र यादव (ढढारी निवासी) और रामजी यादव (महराजगंज निवासी) के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई। लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने से परेशान होकर मंगलवार की शाम को पूरा परिवार भैंस के बच्चे को लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा। धनीराम ने कहा कि, भैंस के बिना उसका बच्चा बेहद परेशान है और वह भैंस की वापसी की मांग कर रहा है। इस मामले में सीएसपी अमन मिश्रा ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर भैंस को वापस दिलाया जाएगा।


