अमरवाड़ा के वन क्षेत्र में सियार के हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। मंगलवार को एक और किसान पर हमले की घटना सामने आई, जिसमें किसान धनीराम डेहरिया (60) गंभीर रूप से घायल हो गए। वर्धिया गांव के किसान धनीराम डेहरिया अपने खेत में पानी लगा रहे थे, तभी एक सियार ने उन पर अचानक हमला कर दिया। सियार ने उनके चेहरे और दोनों हाथों को बुरी तरह नोच लिया, जिससे वह लहूलुहान हो गए। इलाज का खर्च वन विभाग उठाएगा
किसी तरह जान बचाकर घर पहुंचे धनीराम को परिजनों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पहले अमरवाड़ा अस्पताल में प्राथमिक उपचार हुआ, फिर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वन विभाग ने उनके इलाज और एक महीने की मजदूरी का खर्च उठाने की घोषणा की है। बता दें कि पिछले दो महीनों में यह 12वीं घटना है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में डर बढ़ता जा रहा है।


