पुलिस मुख्यालय PTRI भोपाल के निर्देशानुसार, 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में, आलीराजपुर जिले में भी लगातार जन जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को कम करना है। आलीराजपुर जिले में अक्सर देखा जाता है कि यहां बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियां चलती हैं। इन ट्रॉलियों में पीछे की ओर रोशनी संबंधी कोई संकेतक नहीं होते, जिसके कारण रात में अक्सर वाहन चालक पीछे से इनमें टकरा जाते हैं। इस समस्या के समाधान के लिए पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह ने यातायात पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इन निर्देशों के पालन में, यातायात पुलिस ने जिले के सभी थानों को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर लगाने के लिए रिफ्लेक्टिव रेडियम उपलब्ध कराए हैं। शनिवार को जिला मुख्यालय पर लगभग 65 वाहनों पर रिफ्लेक्टिव रेडियम लगाए गए। इस दौरान लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क दुर्घटनाओं से बचने के लिए आवश्यक जानकारी भी दी गई। यातायात प्रभारी सूबेदार अर्जुन सिंह वास्केल ने बताया कि जनवरी के पूरे महीने ‘सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा’ की थीम पर आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।


