आवारा कुत्तों का आंतक:जोधपुर के भीतरी शहर में विदेशी पर्यटक को किया जख्मी

– शहर का भीतरी भाग हो या बाहरी कॉलोनियां, हर तरफ है भरमार जोधपुर में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। इनके शिकार होने वालों में स्कूली बच्चे और बुजुर्ग तो थे ही, अब विदेशी-देशी पर्यटक भी इनके हमलों से बच नहीं पा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया भीतरी शहर में, जहां के गेस्ट हाउस में ठहरे विदेशी पर्यटक को कुत्तों ने शिकार बना लिया। उल्लेखनीय है कि विश्वभर में ब्ल्यू सिटी के नाम से विख्यात जोधपुर शहर के भीतरी भाग फतेहपोल, गूंदी का मोहल्ला, पचेटिया हिल्स, नवचौकियां, माणक चौक, गुलाब सागर, उम्मेद चौक सहित आसपास के इलाके में अनगिनत गेस्ट हाउस हैं, जहां देशी-विदेशी पर्यटकों पहुंचते हैं। ऐसे इलाकों में आवारा कुत्तों की भरमार है, जो आए दिन किसी न किसी पर हमला कर घायल कर देते हैं। भीतरी शहर के एक गेस्ट हाउस में ठहरे विदेशी पर्यटक रविवार को पैदल ही शहर के दर्शनीय स्थल व बाजार देखने निकला, तो एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर जख्मी कर दिया। बड़ी मुश्किल से लोगों ने उसे छुड़ाकर वापस गेस्ट हाउस तक पहुंचाया। वहां से गेस्ट हाउस स्टाफ पर्यटक को हॉस्पिटल लेकर गए और उपचार करवाकर वैक्सीन लगवाई। गेस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी दीपक सोनी ने बताया कि आवारा कुत्तों के आतंक से आमजन तो परेशान है ही, साथ ही साथ पर्यटन सीजन में जोधपुर घूमने आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों में भी इनका खौफ बढ़ने लगा है। इतना ही नहीं, इस तरह की घटनाओं से ब्ल्यू सिटी की इमेज पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और इससे यहां के पर्यटन को भी खासा नुकसान हो सकता है। इसके लिए जरूरी है कि नगर निगम प्रशासन पुख्ता बंदोबस्त कर कार्रवाई करे, ताकि, यहां आने वाले पर्यटकों के साथ साथ स्थानीय लोग भी खुद को सुरक्षित महसूस कर पाए। कुछ माह पहले युवती पर भी किया था झुंड ने हमला भीतरी शहर के लायकान मोहल्ले में भी कुछ माह पूर्व आवारा कुत्तों के एक झुंड ने पैदल गुजर रही युवती पर अचानक हमला कर दिया था। युवती के चिल्लाने की आवाज सुनकर लोगों ने कुत्तों को भगाकर युवती की जान बचाई थी। उस घटना में कुत्तों के हमले में युवती जमीन पर गिर गई थी। युवती ने खुद के हाथ में रखे बैग से बचने का प्रयास किया, लेकिन एक साथ चार कुत्तों के हमले से वह खुद को बचाने में असफल रही। वह युवती भी भीतरी शहर के एक हैरिटेज होटल की कर्मचारी थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *