बीजापुर | जिले के इंद्रावती सभागार में जिले में ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक कलेक्टर संबित मिश्रा की अध्यक्षता में हुई। इसमें पीएम आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में अपेक्षित प्रगति नहीं आने पर कलेक्टर ने सख्त लहजे में लक्ष्य निर्धारित कर काम पूरा करने कहा। जिपं सीईओ नम्रता चौबे को आवास निर्माण में लापरवाही करने वाले कर्मचारियों व पंचायत सचिवों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी कलेक्टर ने दिए हैं। इसके अलावा मनरेगा के तहत वर्ष 2023-24 के अपूर्ण 680 कार्यों को समयसीमा तय कर पूरा करने कहा। कार्यों के अधूरे रहने पर तकनीकी अमलों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी उन्होंने दी है। इसके साथ ही जॉबकार्ड धारी परिवारों के आधार और बैंक खाता में प्रगति लाने, नए आंगनबाड़ी भवन, राशन दुकान व पंचायत भवन के निर्माण को भी समयसीमा में पूरा करने कहा। इसके अलावा एनआरएलएम की मॉनिटरिंग व समूहों के गठन का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश भी कलेक्टर ने दिए।


