भास्कर न्यूज| महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सोमवार को कलेक्टर विनय लंगेह ने सुशासन तिहार, समाधान शिविर, मोर दूआर साय सरकार, आवास प्लस प्लस सर्वेक्षण आदि की तैयारी की समीक्षा को लेकर सभी जिला अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में सुशासन तिहार के प्रथम चरण में सफलतापूर्वक आयोजन के बाद प्राप्त आवेदनों के समाधान शिविर में निराकरण संबंधित विभागों द्वारा चरणबद्ध तरीके से करने के संबंध में चर्चा की गई। जिले के सभी पांच जनपद पंचायतों व नगरीय निकायों में सुशासन तिहार का प्रथम चरण 8 से 11 अप्रैल तक आयोजित किया गया। ग्राम पंचायतों से लेकर नगर पंचायत कार्यालयों तक आमजन ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन निर्धारित समाधान पेटियों में जमा किए। जिनका निराकरण संबंधित विभागों द्वारा चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। जिले के पांचों जनपद पंचायतों और नगरीय निकायों से कुल 1,75,535 आवेदन प्राप्त हुए। सुशासन तिहार के तहत सभी प्राप्त आवेदनों की साफ्टवेयर में प्रविष्टि कर संबंधित विभागों को सौंपा जाएगा और एक माह के भीतर उनका निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अलावा 15 अप्रैल से 30 अप्रैल प्रारंभ होने वाले मोर दूआर साय सरकार की तैयारी की समीक्षा की गई। बैठक में सीईओ एस आलोक, डिप्टी कलेक्टर रवि साहू, व अन्य जिला अधिकारी मौजूद थे। कलेक्टर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में निर्देश दिए हैं कि वे सुशासन तिहार के सुव्यवस्थित आयोजन और इसके अंतर्गत प्राप्त होने वाले आवेदनों के तत्परता से निराकरण को सुनिश्चित करें। तीसरे चरण में प्रत्येक जिले की आठ से 15 ग्राम पंचायतों के मध्य समाधान शिविर लगाया जाएगा। निकायों में भी आवश्यकतानुसार शिविरों का आयोजन किया जाएगा।


