आस्था पर मौसम का खलल, दिनभर बारिश भीगते हुए आगे बढ़ते रहे डोंगरगढ़ पदयात्री

भास्कर न्यूज | राजनांदगांव खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम से जिले में सुबह से बारिश जारी है। पूरे दिन रिमझिम बारिश होती रही। इस मौसम ने मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए जा रहे पदयात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। पूरे दिन पदयात्री भीगते हुए आगे बढ़ते रहें। हालांकि खराब मौसम व लगातार हो रही बारिश के बाद भी पदयात्रियों की संख्या कम नहीं हुई है। सुबह से देर शाम तक पदयात्रियों का जत्था जयकारे लगाते डोंगरगढ़ के लिए आगे बढ़ता रहा। पदयात्री रूट में करीब 40 सेवा पंडाल भी लगाए गए हैं। जहां बारिश को देखते हुए प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। जिससे कुछ हद तक पदयात्रियों को राहत मिली है। इधर मौसम विभाग ने बारिश को लेकर जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे भी बारिश की स्थिति इसी तरह बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया के साथ चक्रीय चक्रवात भी सक्रिय हो गया है। फिलहाल यह मजबूत स्थिति में हैं। इससे प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश हो रही है। नवर​ात्रि के पहले दिन से ही पदयात्रियों का जत्था रवाना हो रहा है। बुधवार को भी बड़ी संख्या में पदयात्री डोंगरगढ़ की ओर बढ़ते रहे। जिलेभर में सुबह से ब​ारिश भी जारी थी। तेज बारिश के दौरान पदयात्रियों की टोली बचाव के​ लिए सेवा पंडाल और दूसरी जगहों पर रुके रहे। जब कई घंटों बाद भी बारिश नहीं थमी तो पदयात्री डोंगरगढ़ की दिशा में बढ़ते रहे। बारिश को देखते हुए रूट में रोशनी की भी व्यवस्था की गई है। घने बादल और लगातार हो रही बारिश से विजिबिलिटी भी कम हो गई है। इसे देखते हुए पुलिस ने पदयात्रियों के बैग पर रेडियम लगाने का काम शुरू किया है। किसी तरह की दुर्घटना से बचाव के लिए पूरे दिन यह अभियान जारी रहा। इसके अलावा पदया​त्री मार्ग में पेट्रोलिंग भी बढ़ा दी है। हाईवे के एक हिस्से को पूरी तरह वाहनों से मुक्त रखा गया है। ग्रामीण हिस्सों के पदयात्री रुट में भी वाहनों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *