सीतापुर | सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र के केरजु चौकी से लगे गेरसा गांव में धार्मिक स्थल सेन्हांतोंगरी में पूजा करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इसके बाद एक पक्ष ने चौकी का घेराव कर दिया, जिससे वहां विवाद की स्थिति बन गई। बताया गया कि गेरसा गांव के नागवंशी समाज के लोग वर्षों पहले सेन्हांतोंगरी में नाग देवता की स्थापना कर वहां पूजा-पाठ करते हैं। नवरात्र के मौके पर भी मंगलवार को समाज के कुछ लोग वहां पूजा करने गए थे, तभी गांव के ही दूसरे समाज के लोगों ने नागवंशी समाज के लोगों को वहां पूजा करने से रोक दिया और गालियां दी। इसके बाद नागवंशी समाज के लोग आक्रोशित हो गए और गाली-गलौज करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे, तभी बुधवार को करीब 600 नागवंशी समाज के लोग केरजु चौकी पहुंच गए, जिससे वहां आपाधापी की स्थिति बन गई। बाद में किसी तरह से एसपी ने मामले में जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन दिया, तब समाज के लोग घर लौटे। बता दें धार्मिक स्थल सेन्हांतोंगरी में सरकारी जमीन है, जिस पर दोनों पक्षों के लोग अपना होने का दावा कर रहे हैं।


