जयपुर के द पैलेस स्कूल में शुक्रवार को इंटेक फिल्मिट इंडिया फेस्टिवल का आयोजन किया गया। जिसमें शहर के 16 स्कूलों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन स्कूल की उर्वशी वॉरमैन, मीडिया पर्सनैलिटी फाल्गुनी बंसल और इंटेक जयपुर चैप्टर की समन्वयक धर्मेंद्र कंवर ने किया। इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चर हेरिटेज (INTACH) की इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्रों को फिल्म निर्माण के माध्यम से भारतीय कला और संस्कृति को संरक्षित करने का अवसर प्रदान करना था। फेस्टिवल में प्रदर्शित की गई फिल्मों में स्कूल ने अपनी रचनात्मकता और फिल्म निर्माण कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मेजबान द पैलेस स्कूल ने दो प्रमुख पुरस्कार जीते। उनकी फिल्म ‘द तिब्बतियन नॉट ए थ्रैड दैट कनेक्ट’ को बेस्ट विजुअल अवॉर्ड और ‘चिरमी ए फॉरगॉटन मैलोडी” को बेस्ट स्क्रीनप्ले अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। विजेता टीम में लिशिका वर्मा, दर्श खूँटेटा,आरव सिंह, ऐश्वर्य सिंह, वंश शर्मा, दक्ष सांखला, तान्या देवनानी, भावेश राघानी और अदिति गर्ग शामिल थे। जयपुर फिल्म फेस्टिवल के संस्थापक और निदेशक हनु रोज ने मुख्य अतिथि के रूप में फिल्म निर्माण की बारीकियों पर विशेष चर्चा की। कार्यक्रम का समापन इंटेक फिल्मिट इंडिया फेस्टिवल की कोऑर्डिनेटिंग टीम के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।


