डूंगरपुर जिले में धम्बोला थाना पुलिस ने गुजरात सीमा पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़ किया है। सरथुना बॉर्डर पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक लग्जरी कार से 2.5 लाख रुपए की अंग्रेजी शराब बरामद की है। थानाधिकारी मोहम्मद रिजवान खान के नेतृत्व में चल रहे अवैध शराब तस्करी विरोधी अभियान के दौरान राजस्थान-गुजरात सीमा पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध लग्जरी कार को रोका गया। कार ड्राइवर मोहनलाल गुर्जर पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इस पर पुलिस ने कार की तलाशी ली तो ड्राइवर सीट के नीचे बॉक्स और डिक्की में बनाए गए गुप्त केबिन से शराब बरामद हुई। तस्करों ने शराब को बोतलों से निकालकर प्लास्टिक की थैलियों में भर रखा था। कुल 150 लीटर शराब थैलियों में और 65 बोतल विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद की गई। आरोपी शराब को गुजरात में तस्करी के लिए ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपी राजसमंद के आमेट निवासी मोहनलाल गुर्जर को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


