सिटी रिपोर्टर | बोकारो बोकारो विधानसभा क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई गति देने को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बोकारो विधायक श्वेता सिंह ने भारत सरकार के उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग के सचिव अमरदीप सिंह भाटिया, वाणिज्य विभाग के सचिव राजेश अग्रवाल तथा राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास निगम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रजत कुमार सैनी से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर अमृतसर-कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के अंतर्गत बोकारो में प्रस्तावित इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर के क्रियान्वयन में आ रही अड़चनों को प्रमुखता से रखा। विधायक ने कहा कि बोकारो जैसे औद्योगिक रूप से समृद्ध क्षेत्र में इसकी स्थापना से न केवल स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर मिलेंगे, बल्कि झारखंड के औद्योगिक मानचित्र में बोकारो की भूमिका और भी सुदृढ़ होगी। नई दिल्ली में हुई इस बैठक के दौरान केंद्रीय अधिकारियों ने अड़चन दूर करने का आश्वासन दिया।


