इंडिगो ने बिगाड़ा ‘प्रवासी-राजस्थान’ में आ रहे बिजनेसमैन का प्लान:अमेरिका की पूर्णिमा बेंगलुरु में फंसीं, केन्या के सोमवीर मुंबई में अटके, कई ने रद्द की यात्रा

अमेरिका से आई थी। इंडिगो की फ्लाइट कैंसिल होने से 3 दिन बेंगलुरु में फंसी रही। आखिर में 25 हजार रुपए में एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट बुक कराई। मैंने 9 और 10 तारीख के लिए इंडिगो की दो फ्लाइट बुक की हैं। दोनों कैंसिल हो गई तो प्रवासी राजस्थान में आना कैंसिल करना पड़ेगा। ये तो सिर्फ 2 उदाहरण है। इंडिगो की लगातार रद्द हो रही फ्लाइट्स ने कई देश–विदेश में रहने वाले प्रवासियों का प्लान बिगाड़ दिया है, जो 10 दिसंबर को जयपुर में होने वाले ‘प्रवासी राजस्थानी दिवस’ कार्यक्रम में आ रहे थे या आने वाले हैं। कुछ अब तक असमंजस में हैं तो कुछ ने कार्यक्रम में आना टाल दिया है। बीते एक सप्ताह में जयपुर से इंडिगो सहित अलग-अलग एयरलाइंस की 100 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल हो चुकी हैं। भास्कर रिपोर्टर ने इस बारे में प्रवासी उद्यमियों से बात की। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… अमेरिका से आई उद्यमी बेंगलुरु में फंसी नेशनल यूएस–इंडिया चैम्बर ऑफ कॉमर्स की संस्थापक और सीईओ प्रवासी उद्यमी पूर्णिमा वोरिया बीते तीन दिन से बेंगलुरु में फंसी हुई हैं। पूर्णिमा ने बताया- अमेरिका से भारत आने के बाद वो एक कार्यक्रम में शामिल होने बेंगलुरु आई थीं। वहीं से उन्हें जयपुर आना था, लेकिन फ्लाइट कैंसिल के कारण तीन दिन से बेंगलुरु के होटल में रुकी हुई हैं। आखिरकार ताज होटल स्टाफ ने उनकी मदद की। सोमवार सुबह की एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट बुक कराई, जिसकी टिकट प्राइस करीब 25 हजार रुपए थी। पूर्णिमा वोरिया को अमेरिकी कॉमर्स सेक्रेटरी गैरी लोके ने अल्पसंख्यक व्यवसाय विकास एजेंसी (MBDA) का राष्ट्रीय सलाहकार भी नियुक्त किया था। वे 2004 से 2014 तक राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू. बुश और बराक ओबामा के कार्यकाल में कॉमर्स सेक्रेटरी जॉन ब्रायसन के साथ भी काम कर चुकी हैं। केन्या से आ रहे बिजनेसमैन भी अटके केन्या के बिजनेसमैन सोमवीर सिंह ने बताया कि वह प्रवासी राजस्थानी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बेहद उत्साहित हैं। उनकी दोनों कनेक्टिंग उड़ानें (फ्लाइट्स) इंडिगो की हैं। पहले केन्या से मुंबई आना है। इसके बाद सोमवार रात मुंबई से जयपुर के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट है। सोमवीर सिंह ने कहा कि अगर फ्लाइट रद्द नहीं होती तो वे निश्चित रूप से कार्यक्रम में शामिल होंगे, लेकिन वर्तमान हालातों के कारण उन्हें संदेह है कि वह जयपुर पहुंच पाएंगे। हैदराबाद के बिजनेसमैन की 2 फ्लाइट में बुकिंग कराई हैदराबाद के बिजनेसमैन पवन बंसल के घर में शादी है। उन्हें प्रवासी दिवस कार्यक्रम के तुरंत बाद वापस लौटना है। ऐसे में वो भी असमंजस में हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने 9 और 10 तारीख के लिए इंडिगो की दो फ्लाइट बुक की हैं। हालांकि, अभी तक कैंसिलेशन का कोई मैसेज नहीं आया है। उन्होंने कहा- अगर फ्लाइट गई, तो मैं जरूर जाऊंगा, लेकिन अगर ऐसा नहीं होता है, तो अपना प्रवासी राजस्थान कार्यक्रम में आने का कार्यक्रम रद्द करना होगा। यह स्थिति कई प्रवासियों की है जो आखिरी मिनट तक अपनी यात्रा की उम्मीद लगाए बैठे हैं। कई लोग बीच में अटक गए हैं : पांडया राजस्थान फाउंडेशन बेंगलुरु चैप्टर के अध्यक्ष और बिजनेसमैन सचिन पांडया ने कहा कि फ्लाइट कैंसिल होने का काफी असर हो रहा है। उनका टिकट इंडिगो का नहीं था, ऐसे में वो जयपुर पहुंच गए है, लेकिन कई लोग हैं जो परेशान हैं। कई बिजनेसमैन नहीं आ पा रहे हैं। कई बीच में ही अटक गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह समस्या जल्द ही हल हो जाएगी। 8,700 से अधिक लोगों ने कराया रजिस्ट्रेशन प्रवासी राजस्थानी कार्यक्रम में अब तक 8,700 से अधिक लोगों रजिस्ट्रेशन कराया है। रजिस्ट्रेशन का नंबर टारगेट से ज्यादा होने के कारण ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन समय से पहले ही बंद कर दिया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पिछले साल ‘राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट’ में की गई घोषणा के बाद आयोजित किया जा रहा ये पहला ‘प्रवासी राजस्थानी दिवस’ है। मुख्यमंत्री ने हर वर्ष 10 दिसंबर को यह दिवस मनाने की घोषणा की थी। ‘प्रवासी दिवस’ का मुख्य उद्देश्य राजस्थानी डायस्पोरा को एक मंच पर लाना और सभी प्रवासियों को उनकी मातृभूमि, उनकी जड़ों से जोड़ना है। एक अलग विभाग भी बनाया गया कैबिनेट की 19 नवंबर को हुई बैठक में प्रवासी राजस्थानियों के लिए अलग से विभाग बनाने की मंजूरी दी गई थी। इसके बाद अब नोटिफिकेशन जारी हुआ है। यह विभाग प्रदेश और देश के बाहर रहने वाले प्रवासी राजस्थानियों के लिए काम करेगा। इसके जरिए प्रवासी राजस्थानियों और सरकार के बीच सहयोग को भी बढ़ाया जाएगा। कार्यक्रम में देश-विदेश से आने वाले प्रवासी राजस्थानी, इंडस्ट्री जगत से जुड़े कई प्रमुख चेहरे और विभिन्न सेक्टर्स के विशेषज्ञ शामिल होंगे। मेहमानों को शहर के प्रमुख टूरिस्ट स्पॉट्स की विजिट भी कराई जाएगी। प्रोटोकॉल और को-ऑर्डिनेशन के लिए 50 आरएएस अफसरों की ड्यूटी लगाई गई है। …. प्रवासी दिवस से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… एनर्जी, टूरिज्म, एजुकेशन सेक्टर पर चर्चा करेंगे प्रवासी राजस्थानी:जेईसीसी में 10 दिसंबर को पहले प्रवासी राजस्थान दिवस पर 8700 ने किया रजिस्ट्रेशन जयपुर के सीतापुरा स्थित जेईसीसी में बुधवार को प्रवासी राजस्थान दिवस मनाया जाएगा। इसमें ऊर्जा क्षेत्र पर विशेष सेशन रखा गया है। इसमें बदलती ऊर्जा नीतियों, तकनीक और रिन्युएबल एनर्जी सेक्टर पर चर्चा होगी। पूरी खबर पढ़िए…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *