भास्कर न्यूज | राजिम राजिम के इंडियन ओवरसीज बैंक में फर्जी ज्वेल लोन निकालकर 1 करोड़ से अधिक गबन के मामले में तत्कालीन सहायक प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया गया। राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) की टीम ने सहायक प्रबंधक को ओडिशा के बरगढ़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। क्या है पूरा मामला: वर्ष 2022 में इंडियन ओवरसीज बैंक शाखा राजिम जिला गरियाबंद में सहायक प्रबंधक के पद पर रहते हुए अंिकता पाणिग्रही ने बंद खातों के जरिए फर्जी ज्वेल लोन निकालकर बैंक से 1 करोड़ 65 लाख रुपए गबन किया था। बैंक में हुए इस घोटाले के मामले में राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो ने वर्ष 2023 में अपराध पंजीबद्ध किया था। इस मामले मे धारा 13 (क) भ्र.नि.अधि. 1988 यथासंशोधित अधिनियम 2018 और धारा 409 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज किया था। वर्ष 2022 में इंडियन ओवरसीज बैंक शाखा राजिम में हुए घोटाले के बाद बैंक ने तत्कालीन सहायक प्रबंधक अंकिता पाणिग्रही को नौकरी से निकाल दिया था। ईओडब्ल्यू ने अपने प्रेस नोट में बताया कि फरार आरोपी अंकिता पाणिग्रही को ओडिशा के बरगढ़ से गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


